सोलन में आयोजित बैठक के दौरान मौजूद वरिष्ठ नागरिक। संवाद
क्षेत्रीय अस्पताल में शुरू किया जाए वरिष्ठ नागरिक पर्ची काउंटर
समस्याओं पर अधिकारियों से मिले सिटीजन फोरम के पदाधिकारी
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। सीनियर सिटीजन फोरम सोलन की बैठक प्रधान रोमेश अग्रवाल की अध्यक्षता में हुई। इसमें वरिष्ठ नागरिकों की रोजमर्रा की समस्याओं और उनके निदान पर चर्चा की गई। फोरम के वरिष्ठ सदस्य प्रों आरके पठानिया के नेतृत्व में एक प्रतिनिधि मंडल पुराने उपायुक्त कार्यालय चौक पर तैनात ट्रैफिक पुलिस और अधिकारियों को अमरटैक्स के साथ लगते रास्ते में दो पहिया वाहनों की अवैध पार्किंग से अवगत करवाया। उन्होंने बताया कि इससे वरिष्ठ नागरिकों को पैदल आवाजाही करने में दिक्कतें हो रही हैं।
उन्होंने पुलिस अधिकारियों से आग्रह किया कि इस अवैध पार्किंग को रोका जाए, जिससे वरिष्ठ नागरिक आसानी से यहां से आवाजाही कर सकें। उन्होंने कहा कि यदि जल्द अवैध पार्किंग न रोकी गई तो इसकी शिकायत एसपी से भी की जाएगी। पुलिस अधिकारियों ने आश्वासन दिया गया कि भविष्य में अवैध पार्किंग का ध्यान रखा जाएगा। इसी प्रकार क्षेत्रीय अस्पताल सोलन में वरिष्ठ नागरिकों की समस्याओं को लेकर चिकित्सा अधीक्षक डॉ. संदीप जैन से भी चर्चा की गई। उन्हें बताया कि वरिष्ठ नागरिकों के लिए एक अलग काउंटर था जिसमें उनके लिए अलग से पर्ची बनती थी जो पिछले दो साल से बंद है। उस सुविधा को फिर से प्रारंभ किया जाए। वरिष्ठ नागरिकों को ओपीडी जांच में भी प्राथमिकता दी जाए। अस्पताल के प्रांगण में लगी कुर्सियों में से 50 प्रतिशत कुर्सियां वरिष्ठ नागरिकों के लिए और 25 प्रतिशत महिलाओं के लिए आरक्षित की जाएं।
सीनियर सिटीजन फोरम नगर निगम अधिकारी और सभी पंचायतों प्रतिनिधियों से अपील की कि सोलन और निकटवर्ती क्षेत्र में जो वरिष्ठ नागरिक अकेले, असहाय एवं आर्थिक दृष्टि से कमजोर हैं, उन्हें हमारी संस्था से संपर्क करवाएं ताकि उनकी मदद की जा सके।