ग्राउंड रिपोर्ट
गेट का ताला तोड़ कर जबरन सड़क पर खड़े किए जा रहे ट्रक
कॉलोनी और गांवों के लोगों को रोज झेलनी पड़ रही परेशानी
स्कूल बसों और स्थानीय वाहनों की आवाजाही बाधित
संवाद न्यूज एजेंसी
बरोटीवाला(सोलन)। हिमुडा टाउनशिप मधाला की मुख्य सड़क पर ट्रकों के खड़े रहने से स्थानीय लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। सड़क के दोनों ओर ट्रक खड़े होने से कॉलोनी और साथ लगते गांवों के लोगों की आवाजाही बाधित हो रही है। खासकर महिलाओं और बच्चों को इस मार्ग से गुजरने में असहजता महसूस हो रही है।
हिमुडा इंडस्टि्रयल कांप्लेक्स रोड सेंसीवाला-मधाला के दोनों ओर ट्रक यूनियन के ट्रक खड़े रहते हैं। मार्ग 40 मीटर चौड़ा होने के बावजूद दोनों तरफ ट्रकों की कतार लगने से यहां अकसर जाम की स्थिति बनी रहती है। कई बार स्कूल बसें और कॉलोनी के वाहन इस जाम में फंस जाते हैं।
कॉलोनी के साथ-साथ सेंसीवाला, कुल्हाड़ीवाला और बगुवाला गांव के लोग भी सड़क का उपयोग करते हैं। ट्रकों के कारण महिलाओं और बच्चों को आवागमन में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। हिमुडा टाउनशिप मधाला के प्रधान हरिचंद चौधरी, सूरज शर्मा, हरि किशन शर्मा और मनीष शर्मा ने बताया कि हाल ही में हिमुडा के सीईओ सुरेंद्र बिष्ट ने क्षेत्र का निरीक्षण किया था। इस दौरान स्थानीय लोगों ने उनके समक्ष समस्या रखी थी। उन्होंने अधिकारियों को ट्रक संचालकों के खिलाफ पुलिस में मामला दर्ज कराने के निर्देश दिए थे, लेकिन इसके बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हो सकी है।
हिमुडा कॉलोनी में करीब 350 परिवार रहते हैं, जबकि फ्लैट्स में भी लोग निवास करते हैं। ट्रकों के कारण कॉलोनी के लोगों की निजी गाड़ियां जाम में फंस जाती हैं। ट्रक यूनियन के साथ एक कंपनी के बाहर खड़े ट्रक कॉलोनी के प्रवेश मार्ग को भी अवरुद्ध कर देते हैं। इससे स्कूल बसों को भी परेशानी होती है।
गेट पर कई बार ताला लगाया गया है। हर बार उसे तोड़ दिया जाता है। अब इस मामले को लेकर बरोटीवाला पुलिस को पत्र लिखकर अवगत कराया जाएगा।
-संदीप, सहायक अभियंता, हिमुडा