बढलग स्कूल में नशा निवारण पर जानकारी देते हुए विभागीय अधिकारी- स्रोत- स्कूल संस्थान
बढलग में एंटी चिट्टा विषय पर कार्यक्रम का आयोजन
संवाद न्यूज एजेंसी
बरोटीवाला (सोलन)। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय बढलग में नशा निवारण भारत अभियान के तहत एंटी चिट्टा विषय पर एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। स्कूल के प्रिंसिपल अशोक कुमार ने बताया कि इसके तहत सेवानिवृत्त पुलिस इंस्पेक्टर नित्य प्रकाश एवं स्वास्थ्य विभाग की ओर से सीएचओ कुमारी महिमा ने नशे की बढ़ती प्रवृत्ति एवं इसके दुष्परिणामों पर विस्तृत जानकारी सांझा की। विशेष रूप से छात्रों को इस बुरी लत का शिकार होने से बचने के लिए मार्गदर्शन दिया गया। छात्रों से कहा गया कि खुद को और अपने परिवार को नशे के दुष्परिणामों से बचाएं। यदि किसी व्यक्ति या लोगों के समूह में नशे या चिट्टे से संबंधित कोई भी संदिग्ध गतिविधि दिखाई दे, तो तुरंत अपने अध्यापकों, किसी समझदार व्यक्ति या पुलिस विभाग को इसकी सूचना दें। बच्चों को इस बुरी आदत से बचना चाहिए और दूसरों को भी बचाने के लिए जागरूकता अभियान का हिस्सा बनना चाहिए। बच्चों के माध्यम से यह संदेश गांव-गांव एवं जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया गया। इस कार्यक्रम में पाठशाला के सभी अध्यापक, कर्मचारियों ने तथा बीएड प्रशिक्षकों ने भी भाग लिया।