शौचालय न बनाने वाले लोगों को न तो डिपो से सस्ता राशन मिलेगा न ही बिजली की सुविधा। यह बात डीसी डीसी राकेश कंवर ने कही। उन्होंने कहा कि शौचालय का इस्तेमाल न करने वालों के बिजली के कनेक्शन काट दिए जाएंगे। डीसी राकेश कंवर स्वच्छ शक्ति सप्ताह के शुभारंभ पर महिलाओं को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उपायुक्त ने सभी को स्वच्छता की शपथ भी दिलाई।
उन्होंने कहा कि महिलाओं को स्वच्छता को जन अभियान बनाना होगा। महिलाओं से आग्रह किया कि यदि उनके गांव, पंचायत अथवा वार्ड में स्वच्छता एवं खुले में शौचमुक्त अभियान की अवहेलना की जा रही है तो वे संबंधित बाल विकास परियोजना अधिकारी, तहसील कल्याण अधिकारी, खंड विकास अधिकारी, उपमंडल अधिकारी, अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी अथवा उपायुक्त से शिकायत कर सकती हैं। स्वच्छता अभियान में महिलाओं की न केवल सक्रिय भागीदारी है बल्कि वे सभी आयु वर्ग के पुरुषों को इस दिशा में बिना किसी सहायता के जागरूक भी बना सकती हैं।
महिलाओं की महत्वपूर्ण भागीदारी को कायम रखने तथा सभी महिलाओं के साथ पूरे समाज को स्वच्छता के विषय में जागरूक बनाने के उद्देश्य से आज से स्वच्छ शक्ति सप्ताह आरंभ किया गया। इस अभियान का समापन 8 मार्च को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर होगा। इस सप्ताह में जिले के उपमंडल, खंड और पंचायत स्तर पर भी कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। जिला ग्रामीण विकास अभिकरण के परियोजना अधिकारी भानू गुप्ता ने प्रस्तुतीकरण के माध्यम से उपस्थित महिलाओं को खुले में शौचमुक्त अभियान तथा केंचुआ खाद इकाई की विस्तृत जानकारी प्रदान की।
अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी संदीप नेगी, पुलिस उपअधीक्षक वीसी नेगी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. आरके दरोच, कार्यक्रम अधिकारी अर्जुन नेगी, खंड विकास अधिकारी विजय शर्मा, विभिन्न खंडों के बाल विकास परियोजना अधिकारी, तहसील कल्याण अधिकारी, पंचायतीराज संस्थाओं की महिला प्रतिनिधि, महिला स्वयं सहायता समूह, महिला मंडल, नेहरू युवा केंद्र तथा नगर परिषद सोलन की महिला स्वयं सहायता समूह की प्रतिनिधि इस अवसर पर मौजूद रहे।