नालागढ़ में अांदोलन करते हिंदू संगठन।
- फोटो : अमर उजाला
केरल में राष्ट्रवादी नागरिकों और हिंदू संगठनों के प्रतिनिधियों ने माकपा सरकार के संरक्षण में श्रृंखलाबद्ध हत्याओं के आरोपों के विरोध में सोलन और नालागढ़ में प्रदर्शन किया। धरने के बाद सोलन में डीसी और नालागढ़ में एसडीएम के माध्यम से राष्ट्रपति को ज्ञापन भेजे गए। मालरोड पर शांतिपूर्ण विरोध मार्च निकाला गया।
आरएसएस सेवक संघ के गुरुदीप साहनी और अधिवक्ता नीरज भारद्वाज तथा नालागढ़ के मानवाधिकार रक्षा मंच के अध्यक्ष डीपी वर्मा ने कहा कि केरल में जब से मार्क्सवादी कम्यूनिस्ट पार्टी सत्तासीन हुई है तब से राष्ट्रवादी नागरिकों की नृशंस हत्या की जा रही है। वहां की पवित्र धरती को रक्त रंजित किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि केरल में मई 2016 से अब तक 284 हत्याओं में से अधिकतर वारदातों में मार्क्सवादी कम्यूनिस्ट पार्टी के लोग नामजद हैं। मार्क्सवादी हत्यारों ने भाजपा, कांग्रेसी कार्यकर्ताओं, मुस्लिम लीग और इनकी पार्टी छोड़े जाने वालों को भी नहीं बक्शा।
उन्होंने कहा कि केरल के मुख्यमंत्री के संरक्षण में माकपा के नरसंहारी गुंडों ने अपने राजनैतिक विरोधियों के खिलाफ हिंसा की ऐसी लहर चलाई है कि चारों ओर भय का वातावरण बना है। केरल में सत्तासीन होने के बाद अब तक पंजीकृत हुई घटनाओं में से अकेले मुख्यमंत्री के गृह जिला कनूर में 270 घटनाएं दर्ज की गई हैं। इस दौरान कश्मीर सिंह, डॉ. मोहिंद्र, विवेक, संजय, अरविंद शेरेवाल, एचएन कश्यप, कुमारी शीला, पवन गुप्ता, विवेक शर्मा, अभिषेक ठाकुर और मीरा आनंद मौजूद रहे।