रेहड़ी-फड़ी वालों पर कार्रवाई नहीं करने पर जताई नाराजगी
नगर व्यापार मंडल बद्दी ने बैठक में उठाया मुद्दा
संवाद न्यूज एजेंसी
बद्दी (सोलन)। नगर व्यापार मंडल बद्दी के संरक्षक राजेश जिंदल की अध्यक्षता में बैठक हुई। इसमें निर्णय लिया कि 31 जनवरी तक अगर नगर परिषद बद्दी के अधिकारी शहर को रेहड़ी-फड़ी मुक्त नहीं करते हैं तो शहर के हर चौराहे पर लगी रेहड़ियों की ड्रोन से वीडियोग्राफी कर उपायुक्त को भेजी जाएगी।
बीते माह सीपीएस रामकुमार चौधरी ने नगर व्यापार मंडल के साथ बैठक कर आश्वासन दिया था की 31 जनवरी तक शहर को रेहड़ी-फड़ी मुक्त किया जाएगा। उन्होंने नगर परिषद के अधिकारियों, पुलिस विभाग, लोक निर्माण के अधिकारियों को इसको लेकर निर्देश दिए थे। इसके बावजूद अभी तक किसी भी विभाग ने कार्रवाई नहीं है। इससे व्यापारियों में भारी रोष है।
व्यापारियों का कहना है कि इतना समय बीत जाने के बाद अभी तक कोई भी कार्रवाई नहीं हुई। अगर एक सप्ताह के भीतर कार्रवाई नहीं की जाती है तो इस मामले को उपायुक्त के ध्यान में लाया जाएगा। व्यापारी संबंधित विभाग के कार्यालय के आगे प्रदर्शन भी करने से गुरेज नहीं करेंगे। व्यापारियों का कहना है कि शहर की सड़कों पर दोनों तरफ रेहड़ी खड़ी होने के चलते उनकी दुकानों तक ग्राहक नहीं पहुंच पाते हैं। शहर की ट्रैफिक व्यवस्था भी सुचारू रूप से नहीं चल पाती है। शहर में हर समय जाम की स्थिति बनी रहती है। इसके चलते कोई भी ग्राहक दुकानों तक नहीं पहुंच पाता है। बैठक में नगर व्यापार मंडल के अध्यक्ष मानसिंह कुंडलस, उपाध्यक्ष दिनेश लवण, संरक्षक राजेश जिंदल, भजन सिंह, पंकज भंडारी, कपिल अग्रवाल, विनोद शर्मा, राकेश मंगल, भीम सिंह, सुभाष गर्ग, मामचंद समेत कई व्यापारी उपस्थित रहे।