मानव कल्याण समिति अर्की की मासिक बैठक में मौजूद सदस्य। स्रोत:संगठन
संवाद न्यूज एजेंसी
अर्की (सोलन)। मानव कल्याण समिति अर्की की मासिक बैठक समिति के संस्थापक डॉ. संतलाल शर्मा की अध्यक्षता में आयोजित की गई।बैठक में निर्णय लिया गया कि समिति अगले माह अर्की उपमंडल के बथालंग में एक निशुल्क स्वास्थ्य शिविर आयोजित करेगी। इसमें विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा रोगियों की जांच के साथ रक्त जांच, दवाएं व चश्मे मुफ्त वितरित किए जाएंगे। ज्ञात हो कि समिति अपने ही संसाधनों से हर वर्ष अर्की क्षेत्र में ऐसे दो चिकित्सा शिविर आयोजित करती है। बैठक में वार्षिक प्रतिभा सम्मान समारोह के आयोजन पर भी चर्चा हुई। समिति हर वर्ष यह समारोह आयोजित करती है, जिसमें अर्की क्षेत्र की राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नाम अर्जित करने वाली विभूतियों के अतिरिक्त क्षेत्र के सरकारी स्कूलों में बोर्ड की परीक्षाओं में तहसील स्तर पर प्रथम तीन स्थान अर्जित करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कृत किया जाता है। इस बैठक में मान पंचायत के गांव जाबल की कुमारी रिया को भी सम्मानित करने का निर्णय लिया गया। कुमारी रिया ने इस वर्ष इटली में आयोजित विशेष ओलंपिक में फ्लोर बॉल में कांस्य पदक विजेता टीम का नेतृत्व करने का गौरव प्राप्त किया है। बैठक में प्रमोद गुप्ता, मनोहर लाल, ओम प्रकाश शर्मा, नागेश भारद्वाज व रोहित शर्मा सहित कई अन्य सदस्य उपस्थित रहे।