सोलन। शामती के समीप मिला हाथ एक पुरुष का निकला है। व्यक्ति मूल रूप से झारखंड का है। पिछले कई माह से सोलन में रह रहा था। वह दिसंबर से गायब चल रहा था। उसकी गुमशुदगी रिपोर्ट सोलन थाने में भी परिजनों ने दर्ज करवाई है।
पुलिस को व्यक्ति का शव संदिग्ध हालात में शामती के समीप झाड़ियों से मिला है। शव कब्जे में लेकर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। रविवार दोपहर के समय एक कुत्ते के मुंह में लोगों ने इंसानी हाथ के टुकड़े को देखा जिससे लोगों को रौंगटे खड़े हो गए थे।
विज्ञापन
यह कुत्ता इंसानी हाथ को अपने मुंह में लिए शहरी क्षेत्र तक पहुंच गया था। इसकी सूचना स्थानीय लोगों ने पुलिस को दी। पुलिस ने मौके से हाथ को कब्जे में लेने के बाद क्षेत्र में शव होने की आशंका को देख सर्च ऑपरेशन भी शुरू कर दिया था।
सोमवार को शिमला से डॉग स्क्वायड को भी मौके पर लगाया था। हालांकि शव को डॉग भी नहीं खोज पाया। शाम के समय सर्च कर रही पुलिस टीम को लावारिस कुत्ते की मदद से शामती के समीप रिहाइशी क्षेत्र की झाड़ियों के साथ नाले में शव बरामद हुआ। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
उधर, एसपी सोलन वीरेंद्र शर्मा ने इसकी पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस हर पहलु से जांच कर रही है।