सोलन। कोरोना कर्फ्यू के चलते प्रदेश सरकार की नई पाबंदियों के बीच परिवहन निगम के सभी रूटों पर बसें नहीं चलेगी। इस कारण नौकरीपेशा समेत अन्य कामगारों को परेशानी झेलनी पड़ सकती है। वर्तमान में कोरोना कर्फ्यू के बीच 50 फीसदी सवारियों के साथ निगम की बसें चल रही हैं।
इसमें अधिकांश रूटों पर डीजल खर्चा भी पूरा नहीं हो पा रहा था। अब कोविड के बढ़ते मामलों को देखते हुए कर्फ्यू के बीच कई पाबंदियां लगा दी हैं। रविवार को पुराने बस अड्डे पर कोई भी बस या यात्री नजर नहीं आया। इसमें अधिकतर निर्धारित रूटों पर बसें भी नहीं गईं। प्रदेश सरकार की ओर से जारी निर्देशों के बाद अब रविवार शाम को निगम की सभी बसें अपने रूटों समेत बस स्टैंड पर खड़ी हो जाएंगी।
आरएम शुगल सिंह ने कहा कि कोरोना कर्फ्यू में सोमवार से लागू होने वाली नई पाबंदियों के बीच निगम की बसें नहीं चलेंगी। बीते चार दिनों के भीतर परिवहन निगम को 50 फीसदी यात्री भी नहीं मिल पाए। अब कोरोना संक्रमण के मामले कम होने के बाद ही बसें चलाने पर फैसला होगा।