पंजीकरण के लिए भवन की फोटो समेत दस्तावेजों को भी करना होगा पूरा
आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन के तहत जिलेभर में चलाया पंजीकरण कार्य
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। जिले के सरकारी व निजी अस्पतालों, क्लीनिक, दवा दुकानों समेत अन्य का स्वास्थ्य संस्थानों को आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन पोर्टल पर पंजीकरण करवाना होगा। इसके लिए स्वास्थ्य विभाग की ओर से आदेश जारी कर दिए हैं। इसके पंजीकरण के बाद स्वास्थ्य जांच और विभिन्न जगहों पर मिलने वाली सुविधाओं का आसानी से पता लग सकेगा। विभाग की ओर से पंजीकरण के लिए भवन की फोटो समेत सभी प्रकार की जानकारी दस्तावेज बनाकर अपलोड करने के लिए कहा है।
आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन के तहत जिलेभर में पंजीकरण का कार्य चलाया जाएगा। पंजीकरण से सभी स्वास्थ्य संस्थान राष्ट्रीय डिजिटल स्वास्थ्य प्रणाली से जुड़ सकेंगे। इसमें डायग्नोस्टिक लैब, फार्मेसी और सभी प्रकार की चिकित्सा पद्धतियों से संबंधित स्वास्थ्य संस्थानों के भी जोड़ने की योजना बनाई गई है। पंजीकरण के बाद लोगों को आसानी से स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी प्राप्त हो जाएगी।
उधर, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अजय पाठक ने बताया कि आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन के तहत सभी प्रकार के सरकारी व निजी अस्पतालों समेत अन्य संस्थानों का पंजीकरण अनिवार्य किया है। उन्होंने सभी स्वास्थ्य संस्थानों से आग्रह किया है कि इन दस्तावेजों की प्रतियों के साथ आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन (एबीडीएम) पोर्टल पर अपना पंजीकरण करवाएं। उन्होंने कहा कि जानकारी या तकनीकी सहायता के लिए कमरा 132 में आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन के जिला समन्वयक रविन्द्र कुमार से भी पूछताछ कर सकते हैं।