कुमारहट्टी में हिंदू सम्मेलन के दौरान मोजूद लोग। संवाद
संघ विभाग कार्यवाहक बोले, सनातन को कमजोर करने की साजिश, नशे के खिलाफ भी उठानी होगी आवाज
संवाद न्यूज एजेंसी
धर्मपुर (सोलन)। कुमारहट्टी में हिंदू समाज समिति की ओर से हिंदू सम्मेलन का आयोजन किया गया। सम्मेलन में संघ विभाग कार्यवाहक कश्मीर सिंह ने कहा कि समाज में आए अवगुणों को सुधारने के लिए सभी हिंदुओं का एकजुट होना जरूरी है। उन्होंने कहा कि सभी सनातनियों को एक मंच पर आकर हिंदू भाईचारे का संदेश देना होगा। इससे पूर्व आचार्य सौरव पराशर ने कहा कि यह सौभाग्य की बात है कि हम सनातनी हैं और देवभूमि में रहते हैं। उन्होंने कहा कि आज समाज से सनातन को खत्म करने का खतरनाक प्रयास किया जा रहा है। अब समय आ गया है कि हिंदुओं की ताकत को एक मंच पर दिखाया जाए। यदि सभी हिंदू एकजुट हो जाएं तो भारत विश्व का नेतृत्व कर सकता है। उन्होंने यह भी कहा कि सामूहिक प्रयासों से भविष्य में भारत को हिंदू राष्ट्र घोषित किया जाएगा। जिला सोलन बार एसोसिएशन की सदस्य कुमूद ठाकुर ने नशे के खिलाफ आवाज बुलंद करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि नशा आज युवाओं के सिर पर हावी हो चुका है और युवा खेलों की बजाय नशे की ओर बढ़ रहे हैं। उन्होंने बताया कि कुमारहट्टी और आसपास का क्षेत्र नशे के मामलों में रेड जोन में शामिल है। उन्होंने लोगों से आग्रह किया कि यदि कोई व्यक्ति नशे में संलिप्त पाया जाता है तो उसके खिलाफ आवाज उठाएं और पुलिस को सूचना दें। वहीं, जिला सोलन के विभाग कार्यवाहक कश्मीर सिंह ने कहा कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की स्थापना वर्ष 1925 में हुई थी और वर्ष 2025 को संघ शताब्दी वर्ष के रूप में मना रहा है। उन्होंने कहा कि हिंदू समाज लगातार कटता और बंटता जा रहा है। भारतीय मजदूर संघ, अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद और विश्व हिंदू परिषद संघ के ही घटक संगठन हैं। उन्होंने कहा कि समाज को अपने अच्छे और बुरे की पहचान करना जरूरी है।