कसौली की चामियां पंचायत में हिन्दू सम्मेलन के दौरान मौजूद लोग। संवाद
कसौली की चामियां पंचायत में किया हिंदू सम्मेलन का आयोजन
संवाद न्यूज एजेंसी
कसौली (सोलन)। उपमंडल की ग्राम पंचायत चामियां के शक्तिघाट स्थित चौंरी वाला महादेव मंदिर में हिंदू समाज समिति की ओर से हिंदू सम्मेलन आयोजित किया गया। इसमें सनातन धर्म की मजबूती और समाज में फैली कुरीतियों के खिलाफ जोरदार संदेश दिए गए। सम्मेलन के मुख्यातिथि महंत मोहन दास रहे, जबकि अध्यक्ष डॉ. लोकेश शर्मा और मुख्य वक्ता अनिल ठाकुर थे। कार्यक्रम का शुभारंभ भारत माता की चित्र पर पुष्प अर्पित कर किया गया। सम्मेलन में विभिन्न वक्ताओं ने वर्तमान चुनौतियों पर चर्चा करते हुए हिंदू समाज को संगठित होने की अपील की। मुख्य वक्ता अनिल ठाकुर ने कहा कि भारत हमेशा से विश्व गुरु रहा है और सनातन धर्म की शक्ति उसकी एकता में निहित है। उन्होंने सभी हिंदुओं से जाति-पात का भेद मिटाकर एकजुट रहने की अपील की। अनिल ठाकुर ने बताया कि वर्ष 1925 में संघ की स्थापना हुई थी और आज हिंदू समाज शताब्दी वर्ष मना रहा है, लेकिन विडंबना यह है कि धर्म और जाति के नाम पर समाज में विघटन बढ़ रहा है। उन्होंने 22 अप्रैल 2025 को पहलगाम में धर्म पूछकर हुए हमले का जिक्र करते हुए चेताया कि यदि हिंदू समाज संगठित नहीं हुआ तो भविष्य में और भी कठिन समय आ सकता है।