काॅलोनी में चाहरदीवारी के साथ सुरक्षा गार्ड तैनात करने की उठाई मांग
संवाद न्यूज एजेंसी
बरोटीवाला (सोलन)। हिमुडा टाउनशिप मधाला की वेलफेयर सोसायटी ने सीएम को पत्र लिख कर काॅलोनी में मूलभूत सुविधा मुहैया कराने की मांग की है। इस बारे में हिमुडा के सीईओ को भी प्रतिलिपि भेजी है। सीएम को भेजे पत्र के माध्यम से सोसायटी के मुख्य सलाहकार राजेंद्र राणा व प्रधान हरिचंद चौधरी ने बताया कि मधाला हिमुडा टाउनशिप 914 बीघा में फैली हुई हैं। यहां पर 880 प्लाट हैं। इसमें 550 प्लाॅट लोगों ने खरीद लिए है। सुरक्षा के नाम पर यहां पर लोगों को भगवान के भरोसे छोड़ा हुआ है। सेंसीवाला व कुल्हाड़ीवाला की ओर से कोई भी चाहरदीवारी नहीं लगी है। बगुवाला की ओर से भी गेट नहीं लगाया गया है। इससे चोर कॉलोनी में घुस रहे हैं। साथ ही बरोटीवाला की ओर जाने के लिए ट्रक यूनियन से होकर जाना पड़ता है। चाहरदीवारी न होने से अब कॉलोनी में जंगली जानवर भी आने शुरू हो गए हैं। दो दिन पहले यहां पर तेंदुए का एक शावक मकान में घुस गया था। कॉलोनी में रहने वाले लोगों ने सीएम व हिमुडा के सीईओ से काॅलोनी में चाहरदीवारी व गेट लगाने की मांग की है। इसके साथ ही कॉलोनी में सुरक्षा गार्ड तैनात करने की मांग भी उठाई है।