जटोली में मॉडल कॅरियर सेंटर के साथ सोलन वाटिका का किया शुभारंभ
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। मां शूलिनी मेले के शुभारंभ अवसर पर सोलन आए मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने करीब 8.57 करोड़ रुपये के उद्घाटन किए। इसमें जटोली में 5.32 करोड़ रुपये की लागत से नवनिर्मित मॉडल कॅरियर सेंटर का उद्घाटन भी शामिल है। केंद्र युवाओं को रोजगार से जुड़ी आधुनिक, समसामयिक और महत्वपूर्ण जानकारी उपलब्ध करवाएगा। इसी के साथ युवाओं के मार्गदर्शन में भी अहम भूमिका निभाएगा। प्रदेश सरकार की युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगा। मुख्यमंत्री ने 2.27 करोड़ रुपये की लागत से आबकारी एवं कराधान विभाग के नवनिर्मित कार्यालय का भी लोकार्पण किया। विभाग की दो शाखाओं के पुनर्गठन के बाद इस भवन में कर्मचारियों के लिए सुविधाजनक कार्यालय और आमजन के लिए बैठने की बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित होगी। वहीं, नगर निगम सोलन की ओर से 44.99 लाख रुपये की लागत से निर्मित एनिमल बर्थ कंट्रोल (एबीसी) सेंटर का भी उद्घाटन किया। यह सेंटर वैज्ञानिक तरीके से लावारिस कुत्तों की संख्या को नियंत्रित करने में अहम भूमिका निभाएगा। इस दौरान कालका-शिमला नेशनल हाईवे पांच 53 लाख रुपये की लागत से निर्मित सोलन वाटिका पार्क का भी लोकार्पण किया। इस मौके पर विधायक राम कुमार चौधरी, बावा हरदीप सिंह, सुरेश कुमार, जोगिंद्रा सेंट्रल को-ऑपरेटिव बैंक के अध्यक्ष मुकेश शर्मा, नगर निगम की महापौर उषा शर्मा, पुलिस अधीक्षक गौरव सिंह व अन्य लोग मौजूद रहे।