परवाणू(सोलन)। हिमाचल पथ परिवहन निगम (एचआरटीसी) के चालक और परिचालक ने ईमानदारी का परिचय देते हुए एक यात्री के करीब 30 हजार रुपये सुरक्षित लौटाकर मानवता की मिसाल पेश की है।
जानकारी के अनुसार, चंडीगढ़ से अर्की रूट पर चलने वाली एचआरटीसी बस संख्या एचपी-15ए-7148 के चालक धनविंदर सिंह ठाकुर और परिचालक विजेंदर सिंह अपनी नियमित ड्यूटी पर थे। इस दौरान हाउसिंग बोर्ड चौक से शिमला जा रहा एक यात्री गलती से अपना बैग बस में ही छोड़ गया। यात्री कालका तक एचआरटीसी बस में सफर करने के बाद वहां से निजी बस के माध्यम से शिमला के लिए रवाना हो गया था। जब बस परवाणू पहुंची तो एक यात्री ने चालक को बस में पड़े लावारिस बैग की जानकारी दी। बैग की जांच करने पर उसमें करीब 30 हजार रुपये नकद मिले। इसके बाद चालक धनविंदर सिंह ने तत्परता दिखाते हुए दूसरी निजी बस के चालक से संपर्क किया और सूचना दी कि शिमला जा रही किसी सवारी का बैग उनकी बस में छूट गया है। सूचना मिलने पर संबंधित यात्री वापस परवाणू बस अड्डा पहुंचा। पहचान सुनिश्चित करने के बाद चालक और परिचालक ने उसका बैग और उसमें रखी पूरी नकदी सुरक्षित लौटा दी। अपने खोए हुए रुपये वापस पाकर यात्री ने एचआरटीसी कर्मियों का आभार व्यक्त किया।
एचआरटीसी के चालक और परिचालक की इस ईमानदारी की क्षेत्रभर में सराहना हो रही है। लोगों का कहना है कि ऐसे कर्मी न केवल निगम की प्रतिष्ठा बढ़ाते हैं, बल्कि समाज में विश्वास और मानवता की भावना को भी मजबूत करते हैं।