संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन/अर्की/नालागढ़ जिलेभर में बारिश के रेड अलर्ट के बीच विभागों की संपत्ति को नुकसान पहुंच है। रविवार को लोक निर्माण विभाग को 42 लाख रुपये का नुकसान हुआ है। यह नुकसान लोक निर्माण विभाग अर्की मंडल में हुआ। रविवार को सुबह जिला मुख्यालय समेत अन्य जगहों पर मूसलाधार बारिश हुई है। सड़क पर मलबा अाने से कई जगहों पर वाहनों की आवाजाही बंद रही। अर्की उपमंडल में रविवार की सुबह बारिश के कारण जनजीवन अस्त-व्यस्त रहा। इस दौरान प्रसिद्ध एवं ऐतिहासिक मुटरू महादेव गुफा परिसर में पानी घुस गया। साथ लगती पहाड़ी से भूस्खलन के साथ एक पेड़ भी रास्ते में गिरा। उधर, अर्की जयनगर सड़क मार्ग में सरोग नाला में बारिश का पानी उफान पर आ गया। वहीं, सड़क पर दलदल और मलबा जमा हो गया। इसके कारण कुछ समय के लिए सड़क मार्ग अवरुद्ध होने से वाहनों की आवाजाही बाधित हो गई। नालागढ़ में भी बारिश से नुकसान हुआ है। भूस्खलन के कारण कई बसों के रूट तक फेल हुए हैं। वहीं, नालागढ़-पाटिथ व नालागढ़-गंबरपुल के समीप ल्हासा गिरने से दो बसें फंस गई। इससे लोगों की मुश्किलें बढ़ गई। भूस्खलन के बाद बस को वैकल्पिक सड़क के जरिये गंतव्य तक भेजा गया। वहीं, एक अन्य बस को दलदल से करीब 2.50 घंटे की मशक्कत के बाद निकाला गया। इस कारण सवारियों को परेशानी झेलनी पड़ी। वहीं शाम करीब 6:30 बजे सुबाथू-ममलीग सड़क पर बढ़लोग चौक के समीप भूस्खलन हो गया। इससे सड़क बंद हो गई। उधर, एचआरटीसी नालागढ़ डिपो के डीडीएम विवेक लखनपाल ने बताया कि बारिश के चलते दो ट्रिप प्रभावित हुए हंै। केवल पक्के मार्ग पर ही एचआरटीसी की बसें अपनी सेवाएं लोगों को दे रही है।