बैंक पर डिटेल न देने का जड़ा आरोप, करोड़ों रुपये का है डिफॉल्टर, पहले भी हो चुकी है गिरफ्तारी
75 डिफॉल्टरों को जारी किए थे नोटिस, केवल 30 ही पहुंचे
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। बघाट बैंक के डिफॉल्टरों की बुधवार को अदालत में सुनवाई हुई। अदालत में एक डिफॉल्टर ने खूब हंगामा किया। उसने गाली-गलौज की और संबंधित अधिकारियों को धमकी भी दी। सूत्रों के अनुसार इस दौरान डिफॉल्टर ने बैंक प्रबंधकों पर भी आरोप जड़े कि वह उसके लोन की डिटेल नहीं दे रहे हैं जबकि वह बार-बार बैंक के चक्कर काट रहा है। हालांकि बाद में अन्य कर्मचारियों के बीच बचाव के बाद मामला शांत हुआ और डिफॉल्टर वहां से गया। जिस डिफॉल्टर ने हंगामा किया वह लोन के मामले में पहले भी गिरफ्तार हो चुका है। उस पर करोड़ों रुपये का लोन बकाया है। हालांकि सुनवाई के दौरान सहायक पंजीयक मौजूद नहीं थे क्योंकि वे बघाट बैंक में प्रबंधक पद के लिए साक्षात्कार ले रहे थे। उनकी जगह अन्य अधिकारी ने सुनवाई की। बुधवार को कुल 75 डिफॉल्टरों को नोटिस देकर अदालत में उपस्थित होने के निर्देश दिए गए थे। केवल 30 डिफॉल्टर ही अदालत में पहुंचे, जबकि 45 अनुपस्थित रहे। अदालत अब अनुपस्थित रहने वाले डिफॉल्टरों के खिलाफ जल्द गिरफ्तारी वारंट जारी करेगी। उधर, सहायक पंजीयक गिरीश नड्डा के अनुसार बुधवार को अदालत में सुनवाई की गई, जिसमें 30 डिफॉल्टर पहुंचे।
इनसेट
एक डिफॉल्टर ने करवाए 1.60 लाख जमा
अदालत में एक डिफॉल्टर ने करीब 1.60 लाख रुपये जमा करवाए। इस डिफॉल्टर का करीब पांच लाख रुपये का लोन है। डिफॉल्टर ने बची हुई राशि जल्द जमा करवाने का आश्वासन दिया, जिसके बाद उसे राहत दी गई। हालांकि अन्य सभी 29 डिफॉल्टरों ने लोन जमा करवाने के लिए कुछ समय मांगा। अदालत ने उन्हें जल्द लोन जमा करवाने के आदेश दिए।
इनसेट
गाड़ी बेचने के लिए मांगी अनुमति
अर्की के एक डिफॉल्टर का अदालत ने काफी पहले ट्रक सील कर दिया था। लोन की किस्तें नहीं भर रहा था। बुधवार को अदालत में डिफॉल्टर ने अपना ट्रक बेचने की अनुमति मांगी। डिफॉल्टर ने कहा कि वह खुद अपने ट्रक को बेचकर लोन चुका देगा। इसके लिए उसने अदालत से कंडीशनल एनओसी की मांग की है। हालांकि अभी एनओसी नहीं दी गई है।