सोलन। स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग सोलन की ओर से राष्ट्रीय नेत्रदान पखवाड़े के तहत मंगलवार को एमआरएडीएवी वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय सोलन में नेत्रदान एवं नेत्र देखभाल संबंधी जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। नेत्र विशेषज्ञ डॉ. सीमा नेगी ने विद्यार्थियों को आंखों की सुरक्षा, देखभाल और नेत्रदान के सामाजिक महत्व के बारे में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि नेत्रदान एक महान कार्य है, जिससे किसी जरूरतमंद व्यक्ति के जीवन का अंधेरा दूर कर उसे नई दृष्टि प्रदान की जा सकती है। उन्होंने स्पष्ट किया कि नेत्रदान में आंख की पारदर्शी बाहरी परत का उपयोग किया जाता है। डॉ. सीमा नेगी ने विद्यार्थियों को डिजिटल युग में आंखों को स्वस्थ रखने के लिए 20-20-20 नियम की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि मोबाइल, लैपटॉप या कंप्यूटर पर काम करते समय हर 20 मिनट के बाद 20 सेकंड के लिए कम से कम 20 फीट दूर रखी किसी वस्तु को देखना चाहिए। इसके अलावा, पढ़ते समय पुस्तक और आंखों के बीच पर्याप्त दूरी बनाए रखना बेहद जरूरी है। अत्यधिक स्क्रीन टाइम से बचें, संतुलित व पौष्टिक आहार लें और पर्याप्त नींद लें। आंखों को बार-बार न रगड़ें। धूल, धुएं और तेज रोशनी से बचाव करें। दीपावली के दौरान पटाखे चलाते समय विशेष सतर्कता बरतें। आंखों में जलन, लालिमा, दर्द या धुंधलापन होने पर स्वयं दवा लेने के बजाय तुरंत नेत्र विशेषज्ञ से परामर्श लें।