सोलन। क्षेत्रीय अस्पताल सोलन में शनिवार को मरीजों को अल्ट्रासाउंड की सुविधा नहीं मिल पाई। अस्पताल में अल्ट्रासाउंड करने वाले डॉक्टर को कोर्ट एविडेंस के कारण जाना पड़ा। वहीं अन्य डॉक्टर की आपातकालीन वार्ड में ड्यूटी लगी थी। ऐसे में मरीजों को निजी क्लीनिक के चक्कर काटने पड़े। क्षेत्रीय अस्पताल सोलन में मरीजों के अल्ट्रासाउंड टेस्ट के लिए 130 रुपये शुल्क निर्धारित है, जबकि सोमवार को निजी क्लीनिक में इसके लिए मरीजों को 500 से 600 रुपये तक चुकाने पड़े। आर्थिक बोझ बढ़ने के कारण कई मरीज बिना अल्ट्रासाउंड करवाए ही घर लौट गए। क्षेत्रीय अस्पताल में रोजाना औसतन 25 से 30 मरीजों के अल्ट्रासाउंड किए जाते हैं, लेकिन शनिवार को किसी भी मरीज को यह सुविधा नहीं मिल पाई। अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. राकेश पंवार ने बताया कि रेडियोलॉजिस्ट डॉक्टर के कोर्ट एविडेंस पर जाने और दूसरे डॉक्टर के आपातकालीन ड्यूटी पर होने के कारण मरीजों को अल्ट्रासाउंड की सुविधा नहीं मिल पाई। सोमवार से नियमित रूप से अल्ट्रसाउंड टेस्ट शुरू होंगे।