अब महिलाओं को ऑपरेशन के बाद दी जाने वाली मुख्य दवा भी खत्म
ऑपरेशन के बाद सूजन व इंफेक्शन रोकने वाली दवा के लिए भटक रहे मरीज
पैरासिटामोल, बीपी, कैल्शियम, एजिथ्रोमाइसिन सहित कई दवाएं खत्म
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। क्षेत्रीय अस्पताल सोलन में दवाओं का संकट लगातार बढ़ता जा रहा है। अस्पताल में कई जरूरी दवाइयां खत्म हो गई हैं। ऐसे में मरीजों को दवाओं के लिए भटकना पड़ रहा है। अब महिलाओं व अन्य मरीजों को ऑपरेशन के बाद दी जाने वाली मुख्य दवा ट्रिप्सिन, ब्रोमेलैन और रुटोसाइड ट्रिहाइड्रेट भी समाप्त हो गई है। यह दवा मरीजों व गर्भवती महिलाओं को ऑपरेशन के बाद दी जाती है, ताकि सूजन व इंफेक्शन को रोका जा सके। वहीं ऑपरेशन के बाद लगभग हर मरीज को डॉक्टरों की ओर से यह दवा लिखी जाती है, लेकिन अब दवा न मिलने के कारण तीमारदारों को निजी दवा दुकानों के चक्कर काटने पड़ रहे हैं। वहीं निजी दवा दुकानों में इस दवा के लिए सैकड़ों रुपये खर्च करने पड़ रहे हैं।
इसके अलावा अस्पताल में पैरासिटामोल, एजिथ्रोमाइसिन, बीपी की टेल्मिसार्टन, एम्लोडिपाइन और कैल्शियम की दवा भी खत्म है। अस्पताल प्रशासन की ओर से हर बार दवा के लिए आवेदन किया जाता है। टेंडर जारी होता है, संबंधित कंपनी टेंडर उठाती है, लेकिन बाद में दवा की आपूर्ति नहीं करती है। इसका कारण भी अब तक पता नहीं चल पा रहा है। दवाओं का अस्पताल तक न पहुंचना मरीजों की परेशानी का कारण बन रहा है। अब मरीजों को हर छोटी-बड़ी दवाओं के लिए निजी दुकानों के चक्कर काटने पड़ रहे हैं। अस्पताल में कुछ दवाएं तो छह से सात माह से नहीं आई हैं।
अस्पताल प्रशासन की ओर से ऑनलाइन दवाओं के आवेदन करने के बाद स्वास्थ्य विभाग की ओर से टेंडर जारी किया जाता है। इसके बाद संबंधित कंपनी दवाओं के टेंडर लेती है और उन्हें अस्पतालों में आपूर्ति करती है, लेकिन क्षेत्रीय अस्पताल तक कंपनी की ओर से दवा ही नहीं पहुंचाई जा रही है। वहीं अस्पताल प्रशासन के पास इतना बजट भी नहीं है कि वह सभी दवाएं स्वयं खरीदकर मरीजों को उपलब्ध करवा सके।
कोट
अस्पताल प्रशासन की ओर से बार-बार खत्म हुई दवाओं के लिए आवेदन किया जा रहा है। इसके बाद भी दवाएं नहीं मिल रही हैं। डॉक्टरों को खत्म हुई दवाओं के स्थान पर अन्य दवाएं लिखने के लिए कहा गया है, ताकि मरीजों को विकल्प के तौर पर दी जाने वाली दवाओं की सुविधा मिल सके। -डॉ. राकेश पंवार, चिकित्सा अधीक्षक, क्षेत्रीय अस्पताल सोलन