हर जिले में लगाए जाएंगे छह शिविर, जांच के बाद मरीजों को ले जाएंगे सरकारी अस्पताल
टीबी के 1,300, एमडीआर के 29 पार पहुंची मरीजों की संख्या
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। जिलेभर में क्षय रोग (टीबी) मुक्त अभियान को तेज करने के लिए अब आशा वर्कर घर-घर जाकर लोगों की बलगम की जांच करेंगी। इसके लिए स्वास्थ्य विभाग की ओर से जिले के हर खंड चिकित्सा अधिकारी को निर्देश दे दिए हैं। इसके तहत जिले में टीबी अभियान को तेज करने के लिए लगाए जा रहे जांच शिविर के साथ अब आशा वर्करों को भी घर-घर जाकर सैंपल लेने के लिए भेजा जाएगा। इससे जो लोग शिविर में आकर जांच नहीं करवा सकते उनकी भी टीबी की जांच संभव हो सकेगी।
विभाग की ओर से अब हर दिन जिले में छह टीबी जांच शिविर लगाने की तैयारी भी चल रही है। इसके तहत जिन भी मरीजों में टीबी पाया जाएगा, उन्हें सरकारी अस्पताल के साथ जोड़ कर दवाएं देनी शुरू कर दी जाएंगी। वहीं आशा वर्कर उनकी हर माह की रिपोर्ट भी तैयार करेगी और अस्पताल व स्वास्थ्य विभाग के सामने पेश करेगी। इसका उद्देश्य मरीजों की स्थिति पर ध्यान देना और दवाओं में समय-समय पर बदलाव करना हैं। जिले में वर्तमान समय में टीबी मरीजों की संख्या 1,300 से पार पहुंच गई हैं। इसके अलावा बहुदवा प्रतिरोधी तपेदिक (एमडीआर) टीबी के 29 मरीज हैं। इन सभी मरीजों का भी अभी के समय में स्वास्थ्य विभाग की ओर से उपचार किया जा रहा है।
इनसेट
जागरूकता शिविर को भी दिया जाएगा बढ़ावा
विभाग की ओर से टीबी मुक्त अभियान को बढ़ावा देने के लिए अब जिले में लोगों जागरूक करने के लिए लगाए जा रहे शिविरों में भी बढ़ोतरी की जाएगी। वहीं विभाग की ओर से जागरूकता शिविरों में जनप्रतिनिधियों और पंचायत के प्रधान और उपप्रधानों का भी सहयोग लिया जाएगा, ताकि अभियान तेजी से बढ़ता रहे।
इनसेट
नई पोर्टेबल एक्सरे मशीन भी होगी शुरू
विभाग की ओर से जिले को मिली नई पोर्टेबल एक्सरे मशीनों को भी अब शुरू कर दिया जाएगा। इसके तहत हर स्वास्थ्य खंड में प्रतिदिन एक शिविर लगाना अनिवार्य होगा।
कोट
विभाग की ओर से अभियान गति लाने के लिए अब आशा वर्करों को भी घर-घर जाकर लोगों के बलगम की जांच करने के लिए निर्देश दिए हैं। इससे जांच शिविर तक न पहुंचने वाले लोगों की भी जांच हो सकेंगी। वहीं विभाग की ओर से हर दिन जिले में छह जांच शिविरों का आयोजन करने के लिए भी निर्देश दिए हैं। - डॉ. अजय पाठक, मुख्य चिकित्सा अधिकारी, स्वास्थ्य विभाग सोलन