निशुल्क आयुर्वेदिक एवं होम्योपैथिक स्वास्थ्य जांच शिविर का भी किया आयोजन
लोगों को आयुर्वेद, योग और पंचकर्म की दी जानकारी
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। राष्ट्रीय आयुर्वेद दिवस पर जिला आयुर्वेदिक अस्पताल सोलन में आयुष मेले का आयोजन किया गया। इसमें आयुष विभाग की ओर से आयुर्वेद एवं आयुष चिकित्सा पद्धतियों से संबंधित प्रदर्शनियां लगाई गईं। लोगों को आयुर्वेद के प्रति जागरूक करने के लिए पंडाल भी लगाए गए, जिसमें आयुर्वेद के माध्यम से स्वयं को स्वस्थ रखने और खानपान से संबंधित जानकारियां प्रदान की गईं। आयुष विभाग के सेवानिवृत्त संयुक्त निदेशक डॉ. तेजस्वी विजय आजाद ने मेले का शुभारंभ किया।
मेेले में औषधीय पौधों की प्रदर्शनी, स्वस्थ आहार एवं पोषण संबंधी जानकारी और आयुर्वेदिक जीवनशैली से संबंधित जानकारी प्रदान की गई। इसके अलावा मेले में आए लोगों के लिए निशुल्क आयुर्वेदिक एवं होम्योपैथिक स्वास्थ्य जांच शिविर भी आयोजन किया गया। लोगों के अलावा अस्पताल में आए मरीजों ने स्वास्थ्य जांच करवाई। लोगों को बीएमडी (बोन मिनरल डेनसिटी) जांच की सुविधा भी प्रदान की गई। इस दौरान जिला आयुष अधिकारी डॉ. नीशा वर्मा पंवार ने बताया कि इस वर्ष आयुर्वेद दिवस स्वस्थ भविष्य के लिए आयुर्वेद थीम के साथ मनाया जा रहा है। कहा कि आयुर्वेद केवल रोगों के उपचार तक सीमित नहीं है, बल्कि स्वस्थ जीवनशैली, संतुलित आहार व रोगों की रोकथाम के माध्यम से स्वस्थ एवं बेहतर भविष्य की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।