क्षेत्रीय अस्पताल सोलन में पेश आया मामला, दी शिकायत
प्लास्टर चढ़ाने के लिए मरीज को करवाया इंतजार
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। क्षेत्रीय अस्पताल सोलन में मरीज के साथ बदसलूकी का मामला सामने आया है। प्लास्टर लगाने वाले एक कर्मी पर मरीज और तीमारदार ने कई गंभीर आरोप लगाए हैं। अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक को भी इसका लिखित शिकायत पत्र सौंपा है। शिकायत में कर्मचारी पर कार्रवाई करने की मांग की गई है। बताया जा रहा है कि प्लास्टर चढ़ाने के लिए मरीज को कई घंटे तक इंतजार भी कर्मी ने करवाया। इससे स्वास्थ्य मंत्री के गृह जिले के अस्पताल में स्वास्थ्य सुविधाओं पर भी सवाल खड़े हो गए हैं।
अस्पताल प्रबंधन को दी शिकायत में देवठी के चाखली गांव के प्रताप सिंह ने बताया कि वह अपनी पत्नी का उपचार करवाने के लिए क्षेत्रीय अस्पताल आए थे। पत्नी के बाजू में फ्रेक्चर हो गया है। इसके लिए उन्होंने मंगलवार को हड्डी रोग विशेषज्ञ के पास जांच करवाई। एक्सरे करवाने के बाद चिकित्सक ने प्लास्टर चढ़ाने के लिए कहा था। इसके लिए वे प्लास्टर रूम गए और अपनी पर्ची दी। करीब दो घंटे का समय बीत जाने के बाद उन्होंने देखा कि बाद में प्लास्टर चढ़ाने आए अन्य व्यक्ति उनसे पहले फ्री हो गए हैं।
इस पर उन्होंने कर्मचारी से बात की तो वे बदसलूकी करने लगा। सारा दिन खड़े होने के बाद वे बैरंग लौट आए। इसके बाद बुधवार को फिर अस्पताल आए और प्लास्टर रूम के बाहर खड़े हो गए। इस दौरान तैनात कर्मचारी ने बदसलूकी की और कार्य में बाधा डालने की धमकियां तक दे डालीं। ऐसे होने पर उन्होंने चिकित्सा अधीक्षक को शिकायत दी। इसके बाद ही पत्नी के बाजू में प्लास्टर चढ़ाया। उन्होंने कहा कि मरीज को लेकर दूरदराज के क्षेत्र से लोग उपचार के लिए अस्पताल आते हैं। कर्मचारी की ओर से इस प्रकार से बदसलूकी करना गलत है।
इनसेट
मरीज की ओर से शिकायत पत्र आया है। मामले में जांच की जा रही है। कर्मचारी के दोषी होने पर कार्रवाई की जाएगी।
-डॉ. राकेश पंवार, चिकित्सा अधीक्षक, क्षेत्रीय अस्पताल, सोलन