ओटी में मरम्मत और रंग-रोगन कार्य के चलते प्रशासन ने लिया निर्णय
रोजाना क्षेत्रीय अस्पताल सोलन में होते हैं 15 से 20 ऑपरेशन
आपातकालीन स्थिति में होने वाले ऑपरेशन को किया जाएगा रेफर
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। क्षेत्रीय अस्पताल सोलन में एक सप्ताह तक मरीजों के मेजर और माइनर ऑपरेशन नहीं हो सकेंगे। ऑपरेशन थियेटर में मरम्मत और रंग-रोगन कार्य के चलते प्रशासन ने ऑपरेशन न करने का निर्णय लिया है। ऐसे में एक सप्ताह तक आपातकालीन स्थिति में होने वाले ऑपरेशन भी नहीं होंगे। अस्पताल प्रबंधन की ओर से ऑपरेशन थियेटर के बाहर सूचना भी चस्पां कर दी गई है ताकि ऑपरेशन के लिए आने वाले मरीजों को पता चल सके। अस्पताल में ऑपरेशन न होने से अधिक परेशान आपातस्थिति में आने वाले मरीजों को होगी।
अस्पताल में दूसरा ऑपरेशन थियेटर न होने के कारण आपात स्थिति में ऑपरेशन के लिए आने वाले लोगों को शिमला और अन्य अस्पतालों में रेफर किया जाएगा। इससे मरीजों को दिक्कतों का सामना करना पड़ेगा। वहीं, जिन मरीजों को ऑपरेशन की डेट दी गई थी उन्हें भी अब फिर से तिथि लेनी पड़ेगी। बीते दिनों तक अस्पताल में रोजाना 15 से 20 मेजर और माइनर ऑपरेशन किए जा रहे थे। शुक्रवार को क्षेत्रीय अस्पताल में ऑपरेशन नहीं हुए। अस्पताल प्रशासन की ओर से कार्य शुरू भी करवा दिया गया है। कार्य पूरा होने के बाद ही अब अस्पताल में ऑपरेशन शुरू होंगे।
इनसेट
सर्जरी के हैं सबसे अधिक ऑपरेशन
क्षेत्रीय अस्पताल में सर्जरी विभाग के ऑपरेशन सबसे कार्य के चलते आगामी दिनों के लिए टले हैं। सर्जरी विभाग की ओर से गॉलब्लैडर, पत्थरी समेत अन्य ऑपरेशन के लिए मरीजों को ऑपरेशन की डेट दी थी। इसी के साथ ईएनटी विशेषज्ञ की ओर से भी ऑपरेशन करवाने के लिए मरीजों को बुलाया गया था। वहीं, हड्डी रोग विशेषज्ञ के पास भी करीब आठ मरीजों को ऑपरेशन की तिथि दी गई थी। ये सभी ऑपरेशन आगामी दिनों में होंगे।
इनसेट
आगामी दिनों में होना है कायाकल्प का निरीक्षण
क्षेत्रीय अस्पताल में आगामी दिनों में कायाकल्प का निरीक्षण होगा। इससे पहले अस्पताल में रंग-रोगन समेत अन्य कार्य करवाए जा रहे हैं। कायाकल्प योजना में अस्पताल में साफ-सफाई रखने पर सम्मानित भी किया जाता है। क्षेत्रीय अस्पताल को पहले कई बार बेहतर सफाई व्यवस्था को लेकर नवाजा जा चुका है। इस बार भी सफाई व्यवस्था को ओर बेहतर करने के लिए कार्य शुरू कर दिया है। निरीक्षण के दौरान अंक दिए जाते हैं।
इनसेट
क्षेत्रीय अस्पताल में आगामी दिनों तक ऑपरेशन थियेटर में मरम्मत और रंग-रोगन का कार्य चला हुआ है। इस कारण अस्पताल में मेजर और माइनर ऑपरेशन नहीं होंगे। ठेकेदार को कार्य तेजी से करने के लिए कहा है ताकि ऑपरेशन जल्द शुरू किए जा सकें।
-डॉ. राकेश पंवार, चिकित्सा अधीक्षक, क्षेत्रीय अस्पताल, सोलन