डेंगू से बचाव के लिए विभाग ने जारी किए दिशा निर्देश
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। जिले में बारिश होने के बाद बढ़ती गर्मी को देखते हुए जिला स्वास्थ्य विभाग डेंगू-मलेरिया को लेकर अलर्ट हो गया है। विभाग की ओर से जिले के सभी अस्पतालों को भी डेंगू और मलेरिया के मामलों को लेकर अलर्ट रहने के निर्देश जारी किए हैं। वहीं मामले सामने आने पर विभाग को सूचना देने के लिए कहा गया है। विभाग की ओर से मरीजों से संबंधित क्षेत्रों को सुरक्षित करने के लिए फॉगिंग की जाएगी।
विभाग की ओर से मच्छरों से बचाव व बीमारियों के प्रति जागरूक करने के लिए लोगों को एडवाइजरी भी जारी कर दी गई है। विभाग ने फॉगिंग के लिए कर्मचारियों को भी अलर्ट रहने के लिए कहा है। वहीं अस्पतालों में दवाओं के स्टॉक को पूरा रखने के लिए भी कहा गया है। वहीं आशा वर्करों को भी घर-घर जाकर ठहरे हुए पानी की जांच करने और लोगों को इसके प्रति जागरूक करने के लिए कहा गया है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अजय पाठक ने कहा कि डेंगू और मलेरिया की बीमारी अधिक गर्मी वाले क्षेत्रों में फैलती है, लेकिन सभी अस्पतालों का अलर्ट रहना जरूरी है। इसके लिए विभाग ने सभी पदाधिकारियों को भी निर्देश दे दिए हैं। मामले सामने आने पर विभाग जल्द से जल्द फॉगिंग शुरू कर देगा, साथ ही मरीजों के क्षेत्र में ठहरे हुए पानी में लारवा की भी जांच करवाई जाएगी। उन्होंने लोगों के अपील की है कि अपने आसपास पानी को अधिक समय तक ठहरने न दें और बीमारी के लक्षण दिखने पर डॉक्टरों की सलाह लें।