भारत विकास परिषद इकाई ने लगाया स्वास्थ्य जांच शिविर, एमएमयू के विशेषज्ञ चिकित्सकों ने दी सेवाएं
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। भारत विकास परिषद इकाई सोलन ने कोटला-बड़ोग विद्यालय में स्वास्थ्य जांच शिविर लगाया। शिविर में महर्षि मार्कंडेश्वर मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल से आए चिकित्सकों की टीम ने लोगों के स्वास्थ्य की जांच की। स्वास्थ्य की जांच करने के बाद जिन लोगों में बीमारी से संबंधित लक्षण पाए गए उन्हें संबंधित दवाएं भी वितरित की। शिविर के दौरान 300 ग्रामीणों के स्वास्थ्य की जांच हुई। एमएमयू से मेडिसिन, सर्जरी, महिला एवं प्रसूति विभाग, शिशु रोग विभाग, हड्डी रोग विभाग, नेत्र रोग विभाग, ईएनटी व बेसिक लैब की सुविधा लोगों को दी गई। इसमें बीपी, शुगर और टीबी की स्क्रीनिंग की गई। संदिग्ध टीबी रोगियों के सैंपल भी जांच के लिए भेजे गए। इस दौरान चिकित्सकों ने लोगों को क्षय रोग के बारे में जागरूक किया। चिकित्सकों ने लोगों को बताया कि क्षय रोगी का उपचार आसानी से अस्पतालों में मिल रहा है। सरकार की ओर से प्रदेश को टीबी मुक्त बनाने का प्रयास किया जा रहा है। ऐसे में जरूरी हो जाता है कि हमें भी इस मुहिम में आगे आना चाहिए। इस दौरान बच्चों को मोबाइल के प्रयोग से दूर रखने के लिए भी आग्रह किया। भारत विकास परिषद सोलन के अध्यक्ष कर्नल अरुण कैंथला व सचिव डॉ. राम गोपाल शर्मा ने कहा कि शिविर में 300 लोगों के स्वास्थ्य की जांच की गई।