अर्की (सोलन)। टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत मंगलवार को अर्की टाउन हॉल में स्वास्थ्य जांच शिविर लगाया गया। शिविर का आयोजन खंड चिकित्सा अधिकारी अर्की डॉ. मुक्ता रस्तोगी के नेतृत्व में किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में लोगों ने स्वास्थ्य जांच करवाई। इस दौरान बीपी और शुगर की जांच के साथ-साथ एक्सरे की सुविधा भी निशुल्क उपलब्ध करवाई गई। डॉ. चारवी ने बताया कि टीबी एक गंभीर लेकिन उपचार योग्य बीमारी है। इसके लक्षणों को समय रहते पहचानना और जांच करवाना बेहद जरूरी है। लगातार खांसी, बुखार, रात को पसीना आना, वजन कम होना अथवा कमजोरी जैसे लक्षण दिखाई देने पर तुरंत स्वास्थ्य केंद्र में जांच करवाने का आग्रह किया।