सोलन। जिले के 1,281 आंगनबाड़ी केंद्रों में मंगलवार को ग्राम स्वास्थ्य, स्वच्छता एवं पोषण दिवस मनाया गया। इस दौरान आंगनबाड़ी केंद्रों के 7,500 बच्चों और 3,000 महिलाओं की भागीदारी रही। कार्यक्रम में गर्भवती महिलाओं, धात्री माताओं और छोटे बच्चों के स्वास्थ्य की जांच हुई। यह कार्यक्रम जिले के सभी केंद्रों में हर माह के दूसरे मंगलवार को आयोजित होता है। जिन केंद्रों में जांच की पर्याप्त व्यवस्था नहीं थी वहां से महिलाओं को स्वास्थ्य जांच के लिए हेल्थ सेंटर ले जाया गया। गर्भवती महिलाओं और धात्री माताओं के वजन, हीमोग्लोबिन और ब्लड प्रेशर की जांच की गई। महिलाओं को आयरन और फोलिक एसिड की गोलियों का वितरण किया गया। महिलाओं को गर्भावस्था के दौरान खानपान और सावधानियों की जानकारी दी। स्तनपान के महत्व की जानकारी दी गई। छोटे बच्चों के स्वास्थ्य की जांच कर उन्हें जरूरी टीके लगाए गए, बच्चों का वजन और लंबाई मापी गई। जिला कल्याण अधिकारी डॉ. पद्मदेव शर्मा ने बताया कि महिलाओं को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने के लिए हर माह कार्यक्रम का आयोजन किया जाता है।