नालागढ़ की दुकानों से भरे गए सैंपल सब-स्टैंडर्ड क्वालिटी के निकले, विभाग ने भेजा नोटिस
मिठाई दुकानदारों को 30 दिन में देना होगा जवाब
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। त्योहारी सीजन खत्म होने के बाद अब खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा भरी गई मिठाइयों के सैंपलों की रिपोर्ट आना शुरू हो गई है, जिसने लोगों की चिंता बढ़ा दी है। जिले में खोया और मिल्क केक के दो सैंपल फेल पाए गए हैं। ये सैंपल खाद्य सुरक्षा अधिकारी अनुज शर्मा ने नालागढ़ की मिठाई दुकानों से भरे थे। जांच में पता चला है कि दोनों ही पदार्थ गुणवत्ता के मानकों पर खरे नहीं उतरे और सब-स्टैंडर्ड क्वालिटी के पाए गए हैं। इसका सीधा अर्थ है कि त्योहारी सीजन के दौरान लोगों के स्वास्थ्य के साथ बड़ा खिलवाड़ किया गया है। जिला खाद्य सुरक्षा विभाग, सोलन के सहायक आयुक्त डॉ. अतुल कायस्थ ने बताया कि नालागढ़ से भरे गए खोया और मिल्क केक के सैंपल फेल हो गए हैं। विभाग ने संबंधित दुकानदारों को 30 दिन का नोटिस भेज दिया है। इस अवधि में दुकानदार किसी भी मान्यता प्राप्त लैब में सैंपल की जांच करवा सकते हैं और अपने दस्तावेज विभाग को प्रेषित कर सकते हैं। डॉ. कायस्थ ने स्पष्ट किया कि 30 दिन के बाद यदि कोई संतोषजनक उत्तर नहीं मिला तो मामले को सीधे अदालत में पेश किया जाएगा और उसके बाद आगामी कानूनी कार्रवाई होगी।
विभाग ने लिए थे 120 सैंपल
गौर रहे कि त्योहारी सीजन में विभाग ने जिले से मिठाइयां, ऑयल और डिब्बा बंद चीजों समेत करीब 120 खाद्य पदार्थों के सैंपल भरे थे, जिन्हें जांच के लिए सीटीएल कंडाघाट भेजा गया था। हालांकि कुछेक सैंपलों की रिपोर्ट पास भी हुई है, लेकिन दिवाली बीत जाने के बाद आई ये फेल रिपोर्ट स्वास्थ्य के लिए खतरे की ओर इशारा कर रही है। अभी कई सैंपलों की रिपोर्ट आना बाकी है।