दिग्गल कालोज में प्रतियोगी परिक्षाओं के लिए मार्गदर्शन कार्यक्रम में भाग लेते हुए अकादमी के वक्
दिग्गल कॉलेज में कॅरिअर काउंसलिंग कार्यक्रम आयोजित
संवाद न्यूज एजेंसी
नालागढ़ (सोलन)। राजकीय महाविद्यालय दिग्गल में चंडीगढ़ की एक कोचिंग अकादमी के सौजन्य से कॅरिअर काउंसलिंग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को सभी प्रकार की प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां प्रदान करना था। कार्यक्रम का शुभारंभ कोचिंग अकादमी के अध्यक्ष केवल सिंह, देवेंद्र सैनी एवं भूपेश सिंह ने किया। केवल सिंह ने विद्यार्थियों को संस्थान की उपलब्धियों, शैक्षिक कार्यक्रमों और अवसरों से अवगत कराया। उसके बाद मुख्य वक्ता देवेंद्र सैनी ने कहा कि सफलता का प्रथम रास्ता लक्ष्य निर्धारण है। बिना लक्ष्य और आत्मविश्वास के कोई भी व्यक्ति जीवन में आगे नहीं बढ़ सकता। उन्होंने व्यक्तित्व विकास, संप्रेषण कौशल और सकारात्मक सोच के महत्व पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों को प्रेरित किया कि आत्मविश्वास ही वह शक्ति है जो चुनौतियों को अवसरों में परिवर्तित करती है। अंत में भूपेश सिंह ने कहा कि महिला सशक्तीकरण और आत्मनिर्भरता ही सशक्त राष्ट्र की नींव है। उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे जीवन में किसी भी मुकाम को प्राप्त करने के लिए अनुशासन, दृढ़ निश्चय और सकारात्मक दृष्टिकोण को अपनाएं।