संवाद न्यूज एजेंसी
सुबाथू (सोलन)। गुरु नानक देव के 553वें प्रकटोत्सव पर सुबाथू में भव्य नगर कीर्तन निकाला गया। ढोल-नगाड़ों और अखाड़ा पार्टी के शानदार प्रदर्शन के बीच शोभा यात्रा गुरुद्वारा साहिब से निकली।
इस आयोजन में अमन पाइप बैंड संगरूर ने बखूबी अपनी कला का प्रदर्शन करते हुए हैरतअंगेज डांस पेश किए। गुरुद्वारा साहिब सुबाथू से पंच प्यारों के साथ पालकी में निकाली गई।
शोभा यात्रा के दौरान मैं शोभा सुनकर आया, ऊंचा दर बाबे नानक दा, शंशा मेरा जी उतर गया, ठाकुर तुम शरणाई आयों शबदों लहरियों के बीच सैकड़ों संगतों ने गुरु नानक देव जी का गुणगान किया।
नगर कीर्तन में अलग-अलग बैंड टीमें, अखाड़ा पार्टी, ढोल पार्टी, स्कूली बच्चे और गुरु जी के जयकारों ने माहौल को सुंदर बना दिया। नगर कीर्तन में खासकर छोटे गतका दलों सदस्यों ने अपनी रण कौशल, अपनी तेजी व चतुराई से सभी श्रद्धालुओं को हैरान कर दिया।
सभा के प्रधान परमजीत सिंह ने बताया कि शोभा यात्रा के दौरान सुबाथू के स्कूलों से बच्चों ने रंग जमाया। उन्होंने गुरु नानक देव जी के 553वें प्रकट उत्सव पर सभी संगतों और सुबाथू वासियों को बधाई दी।
सभा के सचिव मनमोहन सिंह ने बताया कि मंगलवार को गुरबाणी कीर्तन के मौके पर 14 जीटीसी के कमांडेंट ब्रिगेडियर आरएस राणा मुख्यातिथि के रूप में शिरकत करेंगे।
इस कार्यक्रम में भाई हरप्रीत सिंह हरिद्वार वाले लोकल रागी जत्था, पाइनग्रोव स्कूल सुबाथू भाई तेजेंद्र सिंह भाई जगमोहन सिंह सुबाथू के अलावा कीर्तन जत्थे की ओर से कार्यक्रम पेश किया जाएगा। इसके बाद लंगर बांटा जाएगा।