स्वच्छता, सेवा कर वसूली समेत कई प्रस्तावों पर की गई विस्तार से चर्चा
संवाद न्यूज एजेंसी
धर्मपुर (सोलन)। धर्मपुर पंचायत में ग्राम सभा की बैठक हुई। बैठक में ग्राम पंचायत विकास योजना के तहत प्रदेश पंचायती राज विभाग के एजेंडों पर चर्चा की गई। इस दौरान स्वच्छता, सेवा कर वसूली और विभिन्न विकास प्रस्तावों पर महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।
पंचायत प्रधान महेश गुप्ता ने बैठक की अध्यक्षता की, जबकि उपप्रधान सुशील शर्मा विशेष रूप से उपस्थित रहे। स्वच्छता पर जोर देते हुए कहा कि पंचायत क्षेत्र में सफाई से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। यदि सफाई कर्मचारियों ने ठीक से काम नहीं किया तो पंचायत की स्वच्छता व्यवस्था ठेके पर दी जा सकती है। पंचायत क्षेत्र में काम करने वाले बैंकों से चार लाख रुपये सेवा कर वसूलने के लिए नोटिस जारी किए जाएंगे। घरेलू गैस उपभोक्ताओं को अब निर्धारित स्थानों पर गैस आपूर्ति की जाएगी। ईएसआई अस्पताल परवाणू से स्वास्थ्य संबंधी जानकारी देने के लिए अंबालिका और वंदना शर्मा ने उपस्थित लोगों को एचआईवी-एड्स और नशा के खिलाफ शपत दिलाई। उन्होंने कहा कि नशा करना शरीर के लिए घातक है।
वार्ड-12 की सदस्य सीमा देवी ने स्कूल मैदान से सत्संग भवन तक सड़क पक्की करने के लिए प्रस्ताव दिया। वार्ड-10 के लोगों ने बताया कि उनके घरों तक सड़क की सुविधा नहीं है। इसके अलावा बिजली और पानी की किल्लत से भी लोग परेशान हैं। उन्होंने बताया कि जब वे इन समस्याओं के बारे में बात करते हैं तो वन भूमि का तर्क दिया जाता है। प्रधान महेश गुप्ता और उपप्रधान सुशील शर्मा ने मौके पर ही लोगों की समस्याओं का समाधान किया।
बैठक में आंबेडकर भवन की मरम्मत के लिए भी एक प्रस्ताव दिया गया। स्वास्थ्य विभाग से आशा कार्यकर्ताओं और सीडीपीओ से आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं पर अपने-अपने विभाग की जानकारी दी। वीबी-जी रामजी के तहत उपस्थित लोगों को जागरूक किया गया।