नालागढ़ के विधायक हरदीप बावा स्कूली छात्राओं को साईकिल देते हुए- स्रोत- एसबीआई
एसबीआई बैंक ने नालागढ़ स्कूल में वितरित की 40 साइकिलें
संवाद न्यूज एजेंसी
नालागढ़(सोलन)। भारतीय स्टेट बैंक ने सीएसआर कार्यक्रम के तहत राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला नालागढ़ में अध्ययनरत 40 छात्राओं को साइकिलें वितरित की गईं। इस अवसर पर विद्यालय परिसर में एक समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें मुख्यातिथि विधायक हरदीप सिंह बावा, बैंक के क्षेत्रीय प्रबंधक राजीव छाबरा व मुख्य प्रबंधक रिशांत दोल्टा, विद्यालय प्रबंधन समिति की प्रधान रेखा रानी व विद्यालय प्रबंधन समिति सदस्य, शिक्षकगण एवं अभिभावकों की उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान शैक्षणिक गतिविधियों, एनएसएस, एनसीसी और विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं को प्रोत्साहन स्वरूप साइकिलें प्रदान की गईं। मुख्यातिथि विधायक हरदीप सिंह बावा ने कहा कि इस पहल का उद्देश्य छात्राओं को शिक्षा के प्रति प्रेरित करना और दूर-दराज से आने वाली छात्राओं की आवागमन संबंधी समस्याओं को कम करना है। विद्यालय के प्रधानाचार्य पंकज शर्मा ने एसबीआई का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रकार की पहल से छात्राओं का मनोबल बढ़ेगा और वे शिक्षा एवं सह-पाठयक्रम गतिविधियों में और अधिक उत्साह से भाग लेंगी।