उपायुक्त ने बीडीओ के साथ विकास कार्यों की समीक्षा बैठक में दिए निर्देश
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। उपायुक्त सोलन मनमोहन शर्मा ने खंड विकास अधिकारियों को लंबित विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण करने के निर्देश दिए। मनमोहन शर्मा शुक्रवार को खंड विकास अधिकारियों के साथ आयोजित समीक्षा बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। उपायुक्त ने संबंधित खंड विकास अधिकारियों को निर्देश दिए कि राष्ट्रीय उच्च मार्ग पर हिम ईरा की दुकानों के निर्माण के लिए आवश्यक कार्रवाई अमल में लाएं, ताकि स्वयं सहायता समूहों को स्वरोजगार के अवसर प्रदान हो सके। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिला में गठित स्वयं सहायता समूहों के उत्पादों को हिम ईरा की दुकानों में विक्रय करने के अतिरिक्त होटलों व सार्वजनिक स्थलों पर भी विक्रय करने की संभावनाएं तलाशनी होंगी। उन्होंने कहा कि स्वच्छ भारत मिशन के तहत जिला के समस्त गांव को खुले में शौच मुक्त (ओडीएफ) मॉडल बनाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक ग्राम पंचायत में कूड़ा पृथक्कीकरण के लिए शेड के निर्माण के साथ-साथ सोखता गड्ढों का निर्माण करवाना भी सुनिश्चित करें। बैठक में अतिरिक्त उपायुक्त सोलन राहुल जैन, समस्त खंड विकास अधिकारी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
आवासों की जियो टैगिंग करवाना करें सुनिश्चित
मनमोहन शर्मा ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रधानमंत्री आवास व मुख्यमंत्री आवास योजना के लंबित आवासों की जियो टैगिंग करवाना सुनिश्चित करें। उपायुक्त ने समस्त खंड विकास अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिन विकास कार्यों का कार्य पूर्ण हो चुका है उन्हें संबंधित योजना के पोर्टल पर अपलोड करें।