मात्र तीन अध्यापकों के सहारे चल रहा सुबाथू कॉलेज
संवाद न्यूज एजेंसी
सुबाथू(सोलन)। सुबाथू डिग्री कॉलेज में नए सत्र की प्रवेश प्रक्रिया शुरू हो गई है। लेकिन कॉलेज में भूगोल विषय का अध्यापक न होने के कारण दर्जनों विद्यार्थियों की चिंता बढ़ने लगी है। बता दें कि केंद्रीय विद्यालय सहित करीब एक दर्जन बच्चे कॉलेज में भूगोल विषय न होने कारण असमंजस में पड़े हैं। सुबाथू कॉलेज के सरकारीकरण होने के बाद साथ लगते ग्रामीण क्षेत्र के सैकड़ों विद्यार्थियों को इसका लाभ मिल रहा है।
सैनिक क्षेत्र से जुड़े होने के कारण ग्रामीण क्षेत्र की बेटियां सुबाथू कॉलेज में एडमिशन के लिए प्राथमिकता रखती हैं। लेकिन अभी भी कॉलेज में सैकड़ों विद्यार्थियों के भविष्य को बनाने के लिए मात्र तीन अध्यापक हैं। जबकि कुछ अध्यापक धर्मपुर कॉलेज से प्रतिनियुक्ति पर आ रहे हैं। सुबाथू कॉलेज के प्राचार्य राजेंद्र कुमार ने बताया कि कॉलेज में नए सत्र के लिए दाखिला शुरू हो चुके हैं। उन्होंने बताया कि कॉलेज में स्टाफ बढ़ाने को लेकर उच्च शिक्षा अधिकारियों से आग्रह किया जा चुका है। उन्होंने कहा कि कॉलेज में भूगोल विषय के अध्यापक की मांग बढ़ रही हैं। लेकिन अभी कॉलेज में भूगोल विषय का अध्यापक नहीं है। उम्मीद है कि आने वाले समय में सुबाथू को भूगोल विषय का अध्यापक मिल सकता है। कॉलेज में भूगोल विषय के अध्यापक का पद भरने के लिए विद्यार्थियों ने कसौली विधायक विनोद सुल्तानपुरी व मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू के समक्ष मांग उठाई है।