दाड़लाघाट (सोलन)। ग्राम पंचायत ग्याणा क्षेत्र में स्थित शीतला माता मंदिर तक गैस सिलिंडर आपूर्ति की समस्या को लेकर अब प्रशासन हरकत में आ गया है। स्थानीय पंचायत की ओर से इस संबंध में उठाई गई मांग के बाद क्षेत्रवासियों को राहत मिलने की उम्मीद जगी है। जिला नियंत्रक खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले सोलन ने निर्देश जारी करते हुए संबंधित गैस एजेंसी दाड़लाघाट को मंदिर तक गैस सिलेंडरों की आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए कहा है। उन्होंने स्पष्ट किया है कि आपूर्ति नजदीकी फोकल पॉइंट की निर्धारित दरों के अनुसार ही की जाए, ताकि उपभोक्ताओं को किसी प्रकार की अतिरिक्त परेशानी न हो। साथ ही विभाग ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि इस आदेश की अनुपालना सुनिश्चित करते हुए एक सप्ताह के भीतर रिपोर्ट कार्यालय को प्रस्तुत की जाए। इस संबंध में पत्र की प्रतिलिपि सचिव, ग्राम पंचायत ग्याण, विकास खंड कुनिहार तथा निरीक्षक खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले अर्की को आवश्यक कार्रवाई के लिए भेजी गई है।