सोलन शहर के साथ लगते खुंडिधार में मंगलवार को सिलेंडर लेने के लिए पासबुक दिखाते लोग। संवाद
ओटीपी आने के बावजूद नहीं दिए जा रहे लोगों को सिलिंडर,एजेंसियों के चक्कर काट रहे लोग
गोदामों पर भी लग रही भीड़
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। जिला सोलन में रसोई गैस उपभोक्ताओं की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। अब जिले की कुछ गैस एजेंसियों ने बिना ई-केवाईसी करवाए उपभोक्ताओं को सिलिंडर देने से साफ मना कर दिया है। चौंकाने वाली बात यह है कि उपभोक्ताओं के मोबाइल पर बुकिंग का ओटीपी आने के बाद भी उन्हें खाली हाथ लौटाया जा रहा है। एजेंसियों के इस फरमान से लोग अब दफ्तरों और गोदामों के चक्कर काटने को मजबूर हैं। मंगलवार को सोलन शहर के साथ लगते खुंडिधार स्थित गैस गोदाम में सुबह 8 बजे से ही लोग लाइनों में लग गए थे, लेकिन 9 बजे जब वितरण शुरू हुआ तो पासबुक की गहन जांच की गई। जिन उपभोक्ताओं की केवाईसी अपडेट नहीं थी, उन्हें दो टूक कह दिया गया कि पहले मोबाइल एप या मुख्य एजेंसी जाकर प्रक्रिया पूरी करें। लोगों का कहना है कि विभाग और एजेंसियां बिना पूर्व सूचना के नियम थोप रही हैं। लोगों ने बताया कि पहले केवल ओटीपी दिखाने पर सिलिंडर मिल जाता था, अब अचानक केवाईसी अनिवार्य कर दी है। लोगों का कहना है कि उन्हें नौकरी से छुट्टी लेकर सिलिंडर लेने की कतार में खड़ा होना पड़ रहा है।
कोट
एजेंसियों को समय-समय पर केवाईसी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए जाते हैं। इसका एकमात्र उद्देश्य सिलिंडरों की अवैध तस्करी को रोकना और सप्लाई को पारदर्शी बनाना है, ताकि सही उपभोक्ता को ही गैस मिले।
- श्रवण कुमार हिमालयन, जिला खाद्य एवं आपूर्ति अधिकारी, सोलन