खुद सिलिंडर लेने पर भी देने पड़ रहे होम डिलीवरी चार्ज
संवाद न्यूज एजेंसी
बद्दी(सोलन)। औद्योगिक क्षेत्र बीबीएन में एलपीजी उपभोक्ताओं से मनमाने ढंग से अवैध वसूली के आरोप लगे हैं। लोगों का आरोप है कि क्षेत्र की कई गैस एजेंसियां उपभोक्ताओं से होम डिलीवरी चार्ज के नाम पर 29 रुपये तक वसूल रही हैं, चाहे उपभोक्ता खुद एजेंसी पर जाकर सिलिंडर क्यों न ले आए। उपभोक्ता अनिल कुमार, जसवीर सिंह, अजय ठाकुर, नवनीत ठाकुर, ईश्वरी प्रसाद, संजीव आदि का कहना है कि जब वे स्वयं एजेंसी से सिलिंडर भरवा रहे हैं तब भी एजेंसी में उनसे डिलीवरी चार्ज वसूले जा रहे हैं। लोगों में इस वसूली को लेकर भारी रोष है। उनका कहना है कि पहले ही गैस सिलिंडर के दाम लगातार बढ़ रहे हैं, ऊपर से इस तरह की अतिरिक्त और अवैध वसूली आम जनता पर आर्थिक बोझ बढ़ा रही है। ग्रामीण क्षेत्रों विशेषकर साई पंचायत, बरोटीवाला, बल्याणा, भटौली कलां, झाड़माजरी सहित अन्य दूर-दराज इलाकों से आने वाले उपभोक्ताओं से भी बिना डिलीवरी के यही शुल्क लिया जा रहा है। उनका कहना है कि जब एजेंसी वालों को उनके फोकल पॉइंट पर ही पर्याप्त कमाई हो रही है, तो वे बाकी क्षेत्रों में वितरण के लिए क्यों जाएं यही कारण है कि उपभोक्ता खुद बद्दी में गैस सिलिंडर के लिए धक्के खाने को मजबूर हैं। उधर, इस संबंध में जिला सोलन के खाद्य एवं आपूर्ति नियंत्रक श्रवण कुमार हिमालयन ने कहा कि मामले की गंभीरता को देखते हुए शीघ्र ही समाधान शीघ्र समाधान निकाला जा रहा है।