चोरी की घटनाओं से दुकानदारों में दहशत
संवाद न्यूज एजेंसी
बद्दी (सोलन)। औद्योगिक क्षेत्र झाड़माजरी में एसी के कॉपर पाइप चोरी करने वाला गिरोह सक्रिय हो गया है। सोमवार रात चोरों ने बस स्टैंड झाड़माजरी स्थित श्री मेडिकोज और झाड़माजरी मार्केट के प्रधान राजेश कुमार के कार्यालय को निशाना बनाया। लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से दुकानदारों में दहशत का माहौल है।
राजेश कुमार और श्री मेडिकोज के संचालक तरसेम लाल शर्मा ने बताया कि एक सप्ताह पहले चोरों ने एक ढाबे से तीन एलपीजी सिलिंडर और अन्य सामान चोरी किया था। इससे पहले बस स्टैंड क्षेत्र में सुरेश कम्युनिकेशन के एसी के कॉपर पाइप भी चोरी हो चुके हैं। सार्वजनिक वाटर कूलर का सामान और सुरेंद्र हलवाई की दुकान के फ्रिज के कॉपर पाइप भी चोरों ने चोरी कर लिए थे।
उन्होंने बताया कि गोल मार्केट और एलेम्बिक चौक के समीप स्थित संजीव मेडिकोज तथा रिंकू राणा की दुकानों में लगे एसी के कॉपर पाइप भी चोरी हो चुके हैं। लगातार हो रही वारदातों के कारण दुकानदारों में असुरक्षा की भावना बढ़ रही है। स्थानीय दुकानदार राजेश कुमार, कुलदीप सिंह, चंदन, तरसेम शर्मा, जावेद खान, अनवर, विजय, सुरिंदर सैनी, बलदेव शर्मा, करतार सिंह, बिपिन निरंकारी, अमित गुप्ता और सुरेश चोपड़ा सहित अन्य व्यापारियों ने पुलिस प्रशासन से चोर गिरोह का जल्द पर्दाफाश करने की मांग की है। उन्होंने क्षेत्र में रात्रि गश्त बढ़ाने की भी मांग की है।
एएसपी बद्दी अशोक वर्मा ने बताया कि घटनाओं की सूचना मिलते ही पुलिस जांच में जुट गई है। कुछ समय पहले से ही इस गिरोह के संबंध में जांच चल रही है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।