पीओ सेल और धर्मपुर पुलिस ने की कार्रवाई, धोखाधड़ी के मामले में 2019 से चल रहा था फरार
गिरफ्तारी से बचने के लिए बार-बार बदल रहा था ठिकाने
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। अपराधियों और भगोड़ों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सोलन पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पीओ सेल की टीम ने करीब सात साल से फरार चल रहे एक भगोड़े अपराधी को हरियाणा से गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, गुप्त सूचना और लगातार निगरानी के आधार पर पीओ सेल की टीम ने आरोपी सुनील कुमार उर्फ मनी निवासी जोगीवाड़ा मोहल्ला, अंबाला सिटी (हरियाणा) को रतनगढ़ क्षेत्र से गिरफ्तार किया। आरोपी गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार अपने ठिकाने बदल रहा था, लेकिन पुलिस थाना धर्मपुर और पीओ सेल की संयुक्त कार्रवाई में वह पुलिस के हत्थे चढ़ गया। पुलिस ने बताया कि आरोपी के खिलाफ वर्ष 2016 में पुलिस थाना परवाणू में धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया गया था। जांच के दौरान उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में आरोपपत्र भी पेश किया गया था। हालांकि, मामले की सुनवाई के दौरान न्यायालय के बार-बार बुलाने के बावजूद वह पेश नहीं हुआ। लगातार अनुपस्थित रहने पर न्यायालय ने 26 अप्रैल 2019 को उसे घोषित भगोड़ा अपराधी करार दिया था। गिरफ्तारी के बाद आरोपी के खिलाफ पुलिस थाना परवाणू में न्यायालय के आदेशों की अवहेलना करने के आरोप में एक और मामला दर्ज किया गया है। एसपी सोलन टीएसडी वर्मा ने आरोपी की गिरफ्तारी की पुष्टि करते हुए कहा कि फरार अपराधियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।