जिला उद्यान विभाग ने बरसात में लगने वाले पौधों का वितरण किया शुरू
नींबू, आम, अमरूद समेत अन्य कई पौधों के बढ़ाए गए है दाम
प्रदेश में अगस्त के अंत तक रहेगा पौधों को लगाने का सही समय
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। जिला उद्यान विभाग सोलन ने मानसून (बरसात) के मौसम में लगाए जाने वाले फलदार पौधों का वितरण कार्य शुरू कर दिया है। प्रथम चरण में विभाग के पास 5000 पौधों की पहली खेप पहुंच चुकी है, जिन्हें जिले के सभी संबंधित केंद्रों के माध्यम से किसानों और बागवानों में बांटा जा रहा है।
इस बार महंगाई का असर फलदार पौधों की कीमतों पर भी देखने को मिल रहा है। किसान-बागवानों को नींबू, आम, अमरूद सहित अन्य फलदार पौधे पिछले वर्ष की तुलना में 5 से 10 रुपये महंगे दामों पर मिलेंगे। बागवानी विशेषज्ञों के अनुसार हिमाचल प्रदेश में अगस्त माह के अंत तक बरसाती पौधों को रोपित करने का सबसे सही और उपयुक्त समय रहता है। बागवानों की मांग को ध्यान में रखते हुए ही विभाग ने ये पौधे मंगवाए हैं। उधर, उपनिदेशक, बागवानी विभाग सोलन डॉ. शिवाली ठाकुर ने बताया कि विभाग के पास करीब 5,000 से अधिक फलदार पौधों की पहली सप्लाई पहुंच गई है और इसका वितरण कार्य शुरू कर दिया गया है। जल्द ही दूसरी खेप भी पहुंच जाएगी। किसान और बागवान अपने नजदीकी उद्यान केंद्रों से संपर्क कर पौधे प्राप्त कर सकते हैं।