परवाणू की आवासीय कालोनी में तोड़ा गया वॉशवेशन। संवाद
मकान मालिकों को दूसरी जगह शिफ्ट करने के बाद से से खाली पड़े हैं मकान
बरसात के दौरान मकान खतरे की जद में आने से करवाए थे खाली
संवाद न्यूज एजेंसी
परवाणू(सोलन)। नगर परिषद परवाणू के वार्ड 6 में स्थित प्रधानमंत्री आवास योजना के ब्लॉक-1 के खाली पड़े 32 घर चोरों के निशाने पर आ गए हैं। इसका पता तब चला जब उक्त खाली मकानों के बाशिंदे अपने मकान देखने पहुंचे। उन्होंने वहां पर पाया कि उनके मकानों के विद्युत कनेक्शन कटे थे और विद्युत तार भी चोरी हो गए हैं। साथ ही कुछ मकानों में लगे पानी के नलके सहित टॉयलेट सीट को नुकसान पहुंचाया गया था। मकान मालिक बुधाई चौधरी ने बताया कि मकानों के लंबे समय से खाली पड़े रहने से चोरों ने मौके का फायदा उठाकर उक्त मकानों में चोरियां कर रहे हैं। मकान मालिक इसके समाधान के लिए नगर परिषद परवाणू सहित परवाणू पुलिस को भी इसकी शिकायत जल्द ही सौंपेगे। ताकि उक्त मकानों में चोरियां रोकी जा सकें। गौर रहे कि विगत जुलाई में उक्त मकान वर्षा के कारण खतरे की जद में आने से जिला प्रशासन ने लोगों की सुरक्षा को देखते हुए खाली करवा लिए थे। पिछले 9 माह से खाली पड़े मकानों में अब चोरों ने बिजली के तार, टॉयलेट सीट आदि छोटा-छोटा सामान, पानी के मीटर व नलके आदि चुराना शुरू कर दिए हैं।
उधर, परवाणू नगर परिषद के वार्ड-6 के पार्षद व पूर्व प्रधान ठाकुर दास शर्मा ने बताया कि खाली पड़े मकानों में चोरियां होने का मामला सामने आया है। इस बारे में नगर परिषद की बैठक में ब्लॉकों में कैमरे लगवाने का प्रस्ताव रखा जाएगा और पुलिस को भी यहां नजर रखने के लिए कहा जाएगा।
परवाणू की आवासीय कालोनी में तोड़ा गया वॉशवेशन। संवाद
परवाणू की आवासीय कालोनी में तोड़ा गया वॉशवेशन। संवाद