Fraudulantly exchange ATM cards cheated rupees 1.27 lakh from bank account in Baddi
बरोटीवाला(सोलन)। झाड़माजरी स्थित हिंदुस्तान यूनिलीवर कंपनी में काम करने वाले कामगार के खाते से एक व्यक्ति ने एटीएम कार्ड बदलकर 1 लाख 27 हजार रुपये निकाल लिए। कामगार को उस समय पता चला, जब उसके फोन पर रुपये निकलने के मैसेज आए। तब तक बहुत देर हो चुकी थी। वह एटीएम से कमरे पहुंच गया था।
पीड़ित कामगार ने बरोटीवाला पुलिस और बैंक प्रबंधक को मामले की शिकायत दी है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस जानकारी के अनुसार जिला मंडी के बल्ह तहसील के मंजयाली गांव के भीमसेन ने पुलिस में दर्ज रिपोर्ट में बताया कि वह हिंदुस्तान यूनिलीवर कंपनी में तैनात है। 19 फरवरी को वह बरोटीवाला स्थित एचडीएफसी बैंक के एटीएम में पैसे निकालने गया। वहां पर तीन लोग पहले से थे। उन्होंने उन्हें बाहर जाने को कहा लेकिन वे नहीं गए। पैसे नहीं निकले तो तीन एक युवक ने उसे कहा कि उसके पास भी एचडीएफसी कार्ड है। अगर आपके पैसे नहीं निकले तो वह अपने निकाल ले।
ऐसे कहते हुए उस युवक ने मशीन से कार्ड निकाल कर उसे दे दिया। वह आईसीआईसीआई बैंक के एटीएम में गया लेकिन वहां भी पैसा नहीं निकला। इसके बाद वह वापस अपने कमरे आ गया। उसे मोबाइल पर पैसे निकलने के एसएमएस आना शुरू हो गए। उसके खाते से एक लाख 27 हजार पांच सौ रुपये निकल गए। जब उसने एटीएम कार्ड देखा तो यह उसका नहीं था।
उधर, डीएसपी नवदीप सिंह ने बताया कि बरोटीवाला पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। उन्होंने लोगों से अपील की है कि अपने एटीएम के संबंध में किसी से भी कोई जानकारी साझा न करें।