फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Solan News: कंपनी में 96.84 लाख का घोटाला, फर्जी दस्तावेजाें से बेच डाला माल

विज्ञापन
विज्ञापन
-एक्सक्लूसिव-
विज्ञापन

कंपनी के दो कर्मचारियों समेत सात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज
मानकपुर प्लांट से कच्चे माल की कथित चोरी का मामला आया सामने
ओमपाल सिंह
बद्दी (सोलन)। औद्योगिक क्षेत्र बद्दी स्थित डाबर इंडिया लिमिटेड के मानकपुर संयंत्र से आयुर्वेदिक कच्चे माल की कथित चोरी, फर्जी दस्तावेज तैयार करने और सामग्री को अन्य कारोबारियों के माध्यम से बेचने का मामला सामने आया है। कंपनी के अधिकृत प्रतिनिधि एवं यूनिट हेड मनीष कपूर ने इस संबंध में कई लोगों के खिलाफ आपराधिक विश्वासघात, चोरी, जालसाजी और आपराधिक साजिश सहित विभिन्न आरोप लगाते हुए शिकायत दी है। शिकायत में कंपनी के दो कर्मचारियों के साथ कुछ कारोबारियों और अन्य व्यक्तियों की कथित संलिप्तता का आरोप लगाया गया है।
कंपनी की शिकायत के अनुसार मानकपुर संयंत्र में स्टोर विभाग में कार्यरत एक वरिष्ठ प्रबंधक और एक अधिकारी पर अन्य लोगों के साथ मिलीभगत कर आयुर्वेदिक जड़ी-बूटियों के कच्चे माल को कथित रूप से गलत तरीके से बाहर भेजने का आरोप है। शिकायत में कहा गया है कि जुलाई में एक गुमनाम शिकायत मिलने के बाद कंपनी ने मामले की आंतरिक जांच शुरू की। इसमें 7 जुलाई को कच्चा माल लेकर निकले ट्रक को निर्धारित गंतव्य तक पहुंचाने के बजाय बद्दी के धर्मपुर स्थित एक अन्य इकाई में उतारे जाने का आरोप सामने आया।
विज्ञापन

शिकायत के मुताबिक, कंपनी ने बाद में बाहरी एजेंसी से भी जांच करवाई। इस दौरान गेट पास, ई-वे बिल, गोदामों के आवक-जावक रजिस्टर और कर्मचारियों के व्हाट्सएप संदेशों की जांच की गई। कंपनी का दावा है कि इन रिकॉर्ड में माल की आवाजाही से संबंधित कई विसंगतियां सामने आईं। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि कुछ मामलों में ट्रक के गोदाम से निकलने की प्रविष्टि तो दर्ज थी, लेकिन निर्धारित स्थान पर माल पहुंचने का रिकॉर्ड नहीं मिला।
विज्ञापन

कंपनी ने शिकायत में वर्ष 2025 और 2026 की चार कथित घटनाओं का विशेष उल्लेख किया है। इनमें अश्वगंधा, शतावरी, गोक्षुर, दालचीनी और अन्य जड़ी-बूटियों के कच्चे माल का जिक्र है। कंपनी के अनुसार, इन चार घटनाओं में संबंधित सामग्री का कुल मूल्य करीब 96.84 लाख रुपये बताया गया है। आरोप है कि फर्जी दस्तावेज के माध्यम से सामग्री को दूसरी जगह पहुंचाकर आगे बेचा गया और बिक्री से प्राप्त रकम विभिन्न लोगों के बीच बांटी गई। शिकायत में यह भी कहा गया है कि जांच के दौरान संबंधित कर्मचारियों से पूछताछ की गई और मोबाइल फोन पर हुई बातचीत की पड़ताल की गई। कंपनी ने कुछ कारोबारियों और फर्मों के माध्यम से कथित खरीद-बिक्री का आरोप भी लगाया है। हालांकि, शिकायत में लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि और संबंधित व्यक्तियों की भूमिका जांच का विषय है। उधर, डीएसपी योगराज चंदेल ने शिकायत मिलने की पुष्टि की है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें