जेल प्रशासन ने उच्च अधिकारियों को भेजी रिपोर्ट
संवाद न्यूज एजेंसी
बद्दी (सोलन)। किशनपुरा स्थित उप कारागार में कैदियों के बीच हुई मारपीट के मामले में चारों घायल कैदियों का मेडिकल करवाया गया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है, जबकि जेल प्रशासन ने घटना की रिपोर्ट उच्च अधिकारियों को भेज दी है। जानकारी के अनुसार, रविवार को उप कारागार में उस समय विवाद हो गया जब ए ब्लॉक के कैदियों को खुले में छोड़ा गया था और बी ब्लॉक के कैदियों को भोजन के लिए बाहर लाया गया। इसी दौरान दोनों ब्लॉकों के कैदी आमने-सामने आ गए और विवाद बढ़कर मारपीट में बदल गया। बताया जा रहा है कि दो दिन पहले भी कैदियों के बीच गाली-गलौज हुई थी, जिसके बाद तनाव बना हुआ था। रविवार को आमना-सामना होते ही कुछ कैदियों ने चार कैदियों के साथ मारपीट कर दी। घायलों को उपचार के लिए नालागढ़ अस्पताल ले जाया गया, जहां से दो कैदियों की हालत गंभीर होने पर उन्हें पीजीआई चंडीगढ़ रेफर किया गया। उपचार के बाद उन्हें वापस जेल भेज दिया गया। सोमवार को पुलिस ने सभी चारों कैदियों का मेडिकल करवाया। डीएसपी योगराज चंदेल ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। उधर, जेल प्रशासन ने घटना की जानकारी उच्चाधिकारियों को भेज दी है। इससे पहले भी इसी उप कारागार में कैदियों की ओर वार्डन पर हमले की घटना सामने आ चुकी है, जिसके बाद कई कैदियों को दूसरी जेलों में शिफ्ट किया गया था।