कहा अध्यक्ष की कार्यप्रणाली से नहीं संतुष्ट, अगस्त के बाद नहीं की कोई बैठक
अर्की नप में कार्य पड़े हैं ठप, बैठकों को लेकर अध्यक्ष कर रहे हैं इंकार
अध्यक्ष बोले नहीं कोई जानकारी, बैठकर सुलझा ली जाएगी नाराजगी
संवाद न्यूज एजेंसी
अर्की(सोलन)। नगर पंचायत अर्की के चार पार्षदों ने अध्यक्ष हेमेंद्र गुप्ता के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव ला दिया है। बुधवार को पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष व पार्षद अनुज गुप्ता की अध्यक्षता में पदम कौशल, रुचिका गुप्ता और निर्मला देवी ने एसडीएम अर्की यादवेंद्र पाल को अध्यक्ष हेमेंद्र गुप्ता के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव सौंपा। पार्षदों ने आरोप लगाते हुए कहा कि वर्तमान अध्यक्ष के एक वर्ष के कार्यकाल में विकास कार्य पूरी तरह से ग्रहण सा लग गया है। यही नही अध्यक्ष के मनमाने रवैये के कारण पहले से चलते आ रहे विकास कार्य भी बंद पड़े हैं। इसके अलावा अगस्त के बाद नगर पंचायत की मासिक बैठक भी नहीं हो पाई है। यही नहीं पार्षदों ने यह भी आरोप लगाया है कि वर्तमान अध्यक्ष ने मौखिक रूप से बैठक बुलाने से मना किया है। पार्षदों ने एसडीएम को सौंपे अविश्वास प्रस्ताव में कहा है कि वे सभी नगर पंचायत के अध्यक्ष हेमेंद्र गुप्ता की कार्यप्रणाली से संतुष्ट नहीं है जिस कारण वे उनके खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव दे रहे हैं। उन्होंने उपमंडलाधिकारी से इस बारे में शीघ्रातिशीघ्र उचित कदम उठाने का आग्रह किया है।
गौर रहे कि मौजूदा समय में नप अर्की में वर्तमान अध्यक्ष हेमेंद्र गुप्ता और पूर्व अध्यक्ष अनुज गुप्ता सहित चार अन्य पार्षद कांग्रेस समर्थित हैं। पूर्व अध्यक्ष अनुज गुप्ता को बीते 8 अगस्त 2022 को वर्तमान अध्यक्ष ने एक कांग्रेस समर्थित पार्षद व भाजपा समर्थित दो पार्षदों के सहयोग से अविश्वास प्रस्ताव के द्वारा पद से हटा दिया गया था। जिसके बाद हेमेंद्र गुप्ता यहां पर अध्यक्ष बने थे।
उधर इस बारे में अर्की के एसडीएम यादविंद्र पाल ने कहा कि नप अर्की के चार पार्षदों ने वर्तमान अध्यक्ष के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव दिया है। जिसे आगामी कार्यवाही के लिए उपायुक्त सोलन के लिए भेज दिया है।
इनसेट
मुझे नहीं जानकारी
मुझे इस बारे में कोई जानकारी नहीं है। यदि पार्षदों को मुझसे कोई गिला शिकवा है तो उसे बैठकर सुलझा लिया जाएगा।
हेमेंद्र गुप्ता, अध्यक्ष नप अर्की