पेड़ों की डैमेज रिपोर्ट काटने के बदले पांच हजार रुपये लेने का आरोप
संवाद न्यूज एजेंसी
बद्दी(सोलन)। विजिलेंस ने वन रक्षक को बुधवार को सोलन स्थित अदालत में पेश किया। यहां से उसे तीन दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया। मंगलवार को विजिलेंस टीम ने माजरा गांव में वन रक्षक को पांच हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया था।
विजिलेंस के अनुसार माजरा गांव के एक व्यक्ति ने खेत से पेड़ काटे थे। इसकी जानकारी वन रक्षक समीर को लग गई। वन रक्षक को कटे हुए पेड़ों की डैमेज रिपोर्ट तैयार करनी थी। आरोप है कि वन रक्षक ने मामले को रफा-दफा करने की एवज में ग्रामीण से पांच हजार रुपये की रिश्वत मांगी।
ग्रामीण ने इसकी शिकायत विजिलेंस टीम से की। योजना के तहत विजिलेंस ने ग्रामीण को वन रक्षक को रिश्वत की राशि देने के लिए बुलाने को कहा। इससे पहले टीम ने चारों ओर से पूरी रणनीति तैयार कर ली थी। जैसे ही ग्रामीण ने वन रक्षक को पैसे दिए, विजिलेंस टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए उसे रंगे हाथों पकड़ लिया।
विजिलेंस डीएसपी डॉ. प्रतिभा चौहान ने बताया कि आरोपी वन कर्मी समीर को अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे तीन दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया है।