नालागढ़-स्वारघाट राष्ट्रीय मार्ग की खस्ता हालत को लेकर ग्रामीण फिर से मुखर होने लगे हैं। इसके विरोध में ग्रामीणों ने लालटेन व काले झंडे लेकर पद यात्रा निकाली। पंजेहरा से एसडीएम कार्यालय नालागढ़ तक आयोजित पद यात्रा के दौरान ग्रामीणों ने खूब नारेबाजी की।
शिरोमणी अकाली दल के हिमाचल के अध्यक्ष दलजीत सिंह भिंडर के नेतृत्व में चरण जीत सिंह, सुरेंद्र सिंह, जागर सिंह, जितेंद्र सिंह, मनमीत सिंह, नूर मोहम्मद, मान सिंह, अधिवक्ता नरेश घई, अमरिंद्र सिंह, सुरमुख सिंह, परमजीत सिंह, नरेश शर्मा, कुलदीप सैणी समेत दर्जनों ग्रामीण पंजेहरा बस स्टैंड पर एकत्रित हुए। वहां से लालटेन व काले झंडे लेकर नालागढ़ तक पैदल पद यात्रा की। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने प्रदेश व केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
दलजीत सिंह भिंडर ने कहा कि नालागढ़-स्वारघाट मार्ग पिछले दस वर्षों से खराब है। इस दौरान कई सरकारें आई और गई, लेकिन इसे ठीक करने के लिए किसी भी सरकार ने प्रयास नहीं किया। हालात यह है कि इस सड़क के किनारे रहने वाले लोगों को धूल से सांस की बीमारी होनी शुरू हो गई है। इस सड़क की दयनीय हालत को लेकर कई बार ग्रामीणों ने धरने प्रदर्शन किए, लेकिन सरकार व विभाग ने इस मार्ग को अभी तक पक्का नहीं किया।
उन्होंने चेतावनी दी कि जल्द ही कार्य शुरू नहीं होने पर क्षेत्र के लोग एकजुट होकर उग्र आंदोलन करने को मजबूर होंगे। उन्होंने एसडीएम के माध्यम से सरकार को ज्ञापन प्रेषित किया जिसमें मार्ग को जल्द ठीक करने की मांग की गई।