बीबीएन के एक स्कूल में नौवीं कक्षा में पढ़ने वाली नाबालिग छात्रा को नालागढ़ पुलिस ने तत्तापानी से बरामद कर लिया। छात्रा का मेडिकल कराने के बाद उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया है। पुलिस ने आरोपी 19 वर्षीय युवक को भी गिरफ्तार कर लिया है। उसे रविवार को अदालत में पेश किया जाएगा।
बीबीएन में एक दुकान में कार्य करने वाले व्यक्ति की 14 वर्षीय बेटी 5 नवंबर को स्कूल गई थी, लेकिन शाम को जब वापस नहीं आई तो परिजनों ने इसकी छानबीन की। उसका कहीं पर पता नहीं चला। जिस मकान में वह पीड़ित व्यक्ति किराये पर रहता था वहां पर जिला मंडी के सुंदरनगर क्षेत्र के हाडाबोई गांव का 19 वर्षीय युवक सन्नी भी आया हुआ था। बताया जा रहा है कि यह युवक छात्रा को फोन के जरिये जानता था।
बच्ची के गायब होते ही सुंदरनगर से आया युवक भी लापता हो गया। इससे बच्ची के पिता को शक हो गया। जिस कमरे में लड़की अपने माता-पिता के साथ रह रही थी उसी मकान में सुंदरनगर का एक अन्य व्यक्ति पहले किराये पर रहता था जो वर्तमान में तत्तापानी में रह रहा है।
उक्त व्यक्ति की पत्नी ने छात्रा को युवक के साथ तत्तापानी क्षेत्र में देखा। महिला बड़ी होशियारी से नाबालिग व युवक को अपने कब्जे में लेकर इसकी सूचना नालागढ़ पुलिस को दे दी। सूचना मिलते ही नालागढ़ से सब इंस्पेक्टर बलवंत सिंह टीम के साथ मौके पर पहुंचे और नाबालिग व युवक सन्नी को दबोच लिया।
एसपी जी शिवा कुमार ने बताया कि छात्रा का मेडिकल कराया गया है जिसमें अभी फाइनल रिपोर्ट आनी बाकी है। युवक का उक्त छात्रा के साथ फोन पर जान पहचान थी। इसी कारण नाबालिग को बहला फुसला कर युवक ले गया था। उन्होंने बताया कि आरोपी युवक को रविवार को अदालत में पेश किया जाएगा। पुलिस ने 366ए व 363 के तहत मामला दर्ज कर लिया है।