दिल्ली से आने वाली हावड़ा एक्सप्रेस के कारण रुकीं टॉय ट्रेनें
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। बाहरी राज्यों में पड़ रहे कोहरे का असर फिर विश्व धरोहर रेल लाइन पर पड़ा है। शनिवार को कालका से शिमला की ओर आने वाली तीन ट्रेनें देरी से चली है। इसमें सबसे अधिक देरी कालका-शिमला एक्सप्रेस ट्रेन को हुई है। इससे स्थानीय लोगों समेत पर्यटकों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। सुबह के समय शिमला आने वाली ट्रेनों के देरी से आने से स्टेशनों पर लोग कई देरी तक रुककर इंतजार कर रहे हैं। रेल सेक्शन पर कई गांव ऐसे हैं जहां के लोग ट्रेनें से ही एक जगह से दूसरी जगह आते जाते है। उन ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को ट्रेनों के देरी से चलने से परेशानी भी हो रही है। धुंध के कारण हावड़ा ट्रेन देरी से दिल्ली से कालका पहुंची। इस कारण कालका से शिमला तक चलने वाली ट्रेनें लेट हो गई। दिल्ली से आने वाली ट्रेनों के साथ ट्रॉय ट्रेनें कनेक्ट होने से ट्रेनों को देरी से रवाना किया। कालका-शिमला एक्सप्रेस 52453 ट्रेन शनिवार को सुबह 6:20 की बजाय 8:08 बजे रवाना हुई। यह ट्रेन 1.48 घंटे लेट रही। वहीं, कालका-शिमला एक्सप्रेस 52457 ट्रेन 7:00 बजे की बजाय सुबह 7:42 बजे चली। यह ट्रेन 42 मिनट देरी से शिमला की ओर रवाना हुई। वहीं, दिल्ली-कालका शताब्दी भी देरी से पहुंची। इस कारण हिमालयन क्वनी को 11:55 की बजाय दोपहर 12:08 बजे शिमला की ओर रवाना किया। यह ट्रेन 13 मिनट देरी से चली। देरी से ट्रेनों की जानकारी न होने के कारण यात्री स्टेशनों पर बैठकर इंतजार किया। वहीं, कनोह से शिमला, समरहिल कामकाज के लिए ट्रेन में जाने वाले लोगों को भी शनिवार को बसों का सहारा लेना पड़ा। कालका से शिमला ट्रेनों के लेट पहुंचने के कारण डाउन में भी देरी होगी।
इनसेट
वीकेंड के चलते बुक है ट्रेनें
सोलन। शनिवार और रविवार होने के कारण कालका-शिमला रेल ट्रैक पर सभी ट्रेनें फुल होकर निकलीं। काउंटर पर भी टिकट मुश्किल से मिल रही है। शनिवार को कालका से शिमला के लिए चलने वाली पांच ट्रेनें पूरी पैक रही। रविवार को भी अप और डाउन की ओर चलने वाली सभी ट्रेनें पैक है।